देवरिया कांड: शेल्टर होम से लापता युवती गोरखपुर के वृद्धाश्रम में मिली

punjabkesari.in Wednesday, Aug 08, 2018 - 09:05 AM (IST)

देवरिया/गोरखपुर (उप्र): देवरिया बालिका संरक्षण गृह की एक 21 वर्षीय युवती पुलिस को गोरखपुर के एक वृद्धाश्रम में मिली। अपर जिलाधिकारी (पूर्व), गोरखपुर प्रभु नाथ ने बताया कि 21 वर्षीय युवती को रानीडीहा क्षेत्र के एक वृद्धाश्रम में पाया गया। रजिस्टर में दर्ज ब्यौरे के मुताबिक युवती को यहां 5 अगस्त को लाया गया था। वह सदमे में थी। उसका मेडिको लीगल कराने के बाद बयान दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 4 बुजुर्ग अंत: वासियों के साथ युवती का रहना अवैध है। पड़ताल चल रही है। वृद्धाश्रम में 13 कमरे हैं।

देवरिया बालिका संरक्षण गृह से छुड़ाई गई 24 लडकियों में से एक ने मीडिया को बताया था कि लड़कियों को गोरखपुर भेजा जाता था। वहां एक कमरे में 2 पुरूषों के साथ एक लड़की भेजी जाती थी। वृद्धाश्रम के लिपिक अंकित मिश्र ने दावा किया कि वृद्धाश्रम पिछले 30 साल से मां विंध्यवासिनी एनजीओ के तहत चल रहा है लेकिन जब इसकी संबद्धता जून 2017 में समाप्त की गई तो संगठन उच्च न्यायालय जाकर स्थगनादेश ले आया इसलिए यह वैध है।

एनजीओ प्रबंधक गिरिजा देवी की विधवा पुत्री कनकलता, उसकी 4 वर्षीय पुत्री और अंकित मिश्र भी वृद्धाश्रम में रहते हैं। जिलाधिकारी विजयेन्द्र पाण्डियन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर को जब लड़की के मिलने की सूचना मिली तो वे वृद्धाश्रम पहुंचे। इस बीच संरक्षणगृह की फरार चल रही अधीक्षक कंचनलता त्रिपाठी को देवरिया में गिरफ्तार कर लिया गया है।

Anil Kapoor