Global Investor Summit 2023: मुंबई में ''बुलडोजर बाबा'' नाम पर CM योगी बोले- शांति का प्रतीक हो सकता है बुलडोजर

punjabkesari.in Thursday, Jan 05, 2023 - 10:30 AM (IST)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश (UP) के मुख्यमंत्री योगी (Yogi) आदित्यनाथ मुंबई (Mumbai) में अपने दो दिन के दौरे पर हैं। जहां पर सीएम 10 से 12 फरवरी तक प्रदेश में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023 (Global Investor Summit 2023) के लिए निवेशकों को आकर्षित करने के लिए आए है। इस दौरान जब सीएम से 'बुलडोजर बाबा' उपनाम के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए इस सवाल के जवाब दिया। उनसे पूछा कि क्या बुलडोजर शांति और विकास का संकेत हो सकता है, इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बुनियादी ढांचे और विकास कार्य में बुलडोजर की अहम भूमिका होती है, इसलिए वह शांति और विकास का प्रतीक हो सकता है।



बता दें कि लखनऊ में 2023 को होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए सीएम योगी ने कई देशों की यात्रा की हैं। वहां पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने कई रोड शो किए और इन्वेस्टर को आकर्षित किया। इसी के चलते अब सीएम योगी मुंबई पहुंचे है, जहां पर भी सीएम ने कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और निवेशकों से बातचीत की और आकर्षित किया। इस दौरान सीएम ने कहा कि बुलडोजर शांति और विकास का प्रतीक हो सकता है। लोग कानूनों का उल्लंघन करते हैं, तो कानून और व्यवस्था स्थापित करने के लिए कार्रवाई करने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, उन्होंने कहा कि इसी के साथ उन्होंने यह भी कहा कि यूपी में फिल्म सिटी स्थापित करने का विचार है न कि इसे मुंबई से दूर ले जाने का।

यह भी पढ़ेंः Rahul की अगुवाई में ऐलम गांव से आगे बढ़ी 'Bharat Jodo Yatra' एक बार फिर अपनी चर्चित सफेद टीशर्ट में यात्रा करते दिखे गांधी

मुंबई देश की अर्थ भूमि है- CM योगी
इसी कार्यक्रम में सीएम से जब महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी द्वारा लगाए गए आरोपों के बारे में पूछा गया कि, यूपी अपनी फिल्म सिटी बनाकर फिल्म उद्योग को मुंबई से बाहर ले जाने की कोशिश कर रहा है तो सीएम ने कहा क‍ि मुंबई देश की अर्थ भूमि (अर्थव्यवस्था की भूमि) है, जबकि यूपी धर्मभूमि (आस्था की भूमि) है। दोनों का खूबसूरत संगम हो सकता है। हम फिल्म सिटी को दूर नहीं ले जाना चाहते हैं, बल्कि अपना निर्माण कर रहे हैं। काम प्रगति पर है और कुछ शीर्ष स्टूडियो ने आने में रुचि दिखाई है। यूपी की फिल्म सिटी 1,200 एकड़ में फैली होगी, जबकि गोरेगांव में लगभग 520 एकड़ में है।



UP को 5 साल में 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य तय
योगी सरकार ने प्रदेश में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के साथ अगले 5 साल में राज्य को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य तय किया है। प्रदेश की 25 करोड़ आबादी के साथ योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में 96 लाख MSME, एक्सप्रेस वे की एक श्रृंखला, प्रचुर मात्रा में जल संसाधन हैं और यह तेजी से अपने बुनियादी ढांचे का निर्माण कर रहा है। उन्होंने कहा कि इसे जल्द ही एक सेमी-कंडक्टर प्रोजेक्ट मिलेगा और इसमें 5 अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे होंगे। उन्होंने कहा कि यूपी एक निवेश गंतव्य है और समान रूप से, यह एक बड़ा बाजार है और भारत में कहीं और की तुलना में यहां सबसे अधिक युवा हैं।

Content Editor

Pooja Gill