प्रियंका का तंज- BJP को उस दिन का नाम ‘अच्छा दिन'' कर दे जिस दिन पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी न हो

punjabkesari.in Saturday, Feb 20, 2021 - 01:56 PM (IST)

लखनऊ: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार को सप्ताह के उस दिन का नाम ‘अच्छा दिन' कर देना चाहिए जिस दिन डीजल-पेट्रोल के दामों में बढ़ोत्तरी न हो।

जानकारी मुताबिक वाड्रा ने शनिवार को फेसबुक वाल पर लिखा कि भाजपा सरकार को सप्ताह के उस दिन का नाम ‘अच्छा दिन' कर देना चाहिए जिस दिन डीजल-पेट्रोल के दामों में बढ़ोत्तरी न हो क्योंकि महंगाई की मार के चलते बाकी दिन तो आमजनों के लिए ‘महंगे दिन' हैं। उन्होने कहा कि मोदी सरकार पूंजीपतियों को मुनाफा पहुंचाने की नीयत से मोटा टैक्स लगाकर पेट्रोल-डीजल के दाम तो हर रोज बढ़ा रही है मगर किसानों को उनकी उपज का दाम देने में आनाकानी कर रही है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि  काले कृषि कानूनों के खिलाफ किसान बहनों भाइयों का संघर्ष उनकी जीविका से जुड़ा हुआ संघर्ष है। इस सरकार की नियत देखिए। भाजपा सरकार अपने अरबपति मित्रों की तिजोरियां भरने के लिए मोटा टैक्स लगाकर पेट्रोल-डीजल के दाम तो हर रोज बढ़ा रही है लेकिन किसानों को उनकी फसल के दाम नहीं दे रही है। उन्होने कहा कि किसानों की जीविका के संघर्ष में वह किसानों के साथ हैं। आज वह मुजफ्फरनगर के बघरा में किसानों के साथ संवाद करेंगी।

Content Writer

Anil Kapoor