राम भक्तों के लिए खुशखबरी: रामलला के दर्शन की अवधि बढ़ाई, अब जागरण आरती में शामिल हो सकेंगे 30 लोग

punjabkesari.in Friday, Oct 28, 2022 - 06:51 PM (IST)

अयोध्या (संजीव आजाद) : जैसे जैसे अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण आगे बढ़ रहा है। वैसे वैसे मंदिर प्रशासन भी भक्तों के सुविधाओं को बढ़ाता जा रहा है। इसी को ध्यान में रखकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने रामलला के दर्शन व आरती की अवधि के साथ-साथ समय में बदलाव किया है। जिससे लोग अब अपने आराध्य को ज्यादा देर तक निहार सकेंगे। यह बढ़ोत्तरी स्थाई तौर पर की गई है।



रामलला के आरती के समय में किया गया बदलाव
अब सुबह 6:30 बजे प्रभु रामलला की जागरण आरती होगी। वहीं दूसरी तरफ रामलला के दर्शन अवधि में भी बढ़ोतरी की गई है। अब सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक श्रद्धालु रामलला का दर्शन-पूजन कर सकेंगे। दोपहर 12:00 बजे  रामलला की भोग होगी। इसके बाद 2:00 बजे पुनः दूसरी पाली में रामलला का कपाट खुलेगा और शाम 7:00 बजे तक श्रद्धालु रामलला का दर्शन कर सकेगें। इसके पहले सुबह 7:00 से 11:00 व शाम 2:00 बजे से 6:00 बजे तक ही रामलला का दर्शन होता था। यह बढ़ोत्तरी स्थाई तौर पर की गई है।



जागरण व भोग आरती के लिए कराना होगा रजिस्ट्रेशन
अब सुबह 6:30 बजे भगवान रामलला की जागरण आरती होगी, जिसमें भक्तों को शामिल होने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कैंप कार्यालय पर  रजिस्ट्रेशन कराना होगा, सुरक्षा मानक को पूरा करने के बाद 30 भक्तों को जागरण आरती में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे सायं काल भोग आरती होगी। भोग आरती में 60 राम भक्त शामिल हो सकेगें। इसके लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कैंप कार्यालय से प्रवेश पत्र लेना होगा।



भक्तों के भीड़ को देख कर लिया गया फैसला
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अयोध्या में बढ़ते भक्तों की भीड़ को ध्यान में रखकर दर्शन के समय में बढ़ोत्तरी करने का निर्णय लिया है। जिससे दूर दराज से आने वाले भक्तों को दर्शन के लिए सहुलियत मिले और वो अपने आराध्य का दर्शन कर सकें। 

Content Writer

Ramkesh