अच्छी सोच बनाती है व्यक्ति को महान: मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Friday, Feb 28, 2020 - 09:56 AM (IST)

लखनऊ- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सोच व्यक्ति के व्यक्तित्व का आईना होती है। अच्छी सोच जहां व्यक्ति को महान बनाती है वहीं, बुरी सोच उसके पतन का कारण बनती है। गुरुवार को यहां चौक स्थित श्री कोनेश्वर महादेव मंदिर के नवीनीकृत परिसर के लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच का व्यक्ति लोककल्याण का माध्यम बन कर लोगों की आस्था को सम्मान दे सकता है और खुद भी सम्मान पा सकता है। जबकि नकारात्मक सोच समाज में अव्यवस्था और अराजकता का कारण बनती है। हमारे धर्मशास्त्रों में भी ये बातें कही गयी हैं।

मुख्यमंत्री ने कोनेश्वर महादेव मंदिर का पुराणों में उल्लेख होने की भी बात कही। योगी ने कहा कि इस मंदिर का उल्लेख पुराणों में भी है। लक्ष्मण के साथ भी इसका संबंध है। ऐसे में इस मंदिर की अहमियत त्रेता युग से है। मुख्यमंत्री योगी ने मंदिर की साफ सफाई की सराहना करते हुए अन्य धार्मिक स्थानों पर ऐसी व्यवस्था अपनाने पर जोर दिया। मंदिर में ज्योतिर्लिंग पर होने वाले जलाभिषेक या दुग्धाभिषेक को भूगर्भ तक ले जाने की व्यवस्था की गयी है। फूल समेत अन्य पूजा सामग्री के उचित निस्तारण और प्रसंस्करण की व्यवस्था की गयी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आस्था आतंकवाद और अलगाववाद का परवाह नहीं करती। आतंकी हमले की आशंका के बावजूद लोग अमरनाथ यात्रा पर जाते हैं। सावन में बम-बम करते जब लाखों की संख्या में शिव भक्त निकलते हैं तो आतंकवाद गायब हो जाता है। योगी ने कहा कि धर्म और कुछ नहीं सिर्फ और सिर्फ कर्तव्य है। ऐसा कर्तव्य जो देश एवं समाज के हित में हो। देश सुरक्षित और समृद्ध रहेगा तो हम भी रहेंगे। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, सरकार के मंत्री गोपाल जी टंडन भी मौजूद रहे। 

Ajay kumar