गोरखपुर के थाने में दूल्हा-दुल्हन ने लिए सात फेरे, पुलिस वाले बने बराती

punjabkesari.in Monday, May 29, 2017 - 10:35 AM (IST)

गोरखपुरः सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर के शाहपुर पुलिस ने अनोखी मिसाल पेश की है। यहां पुलिस ने दूल्हा-दुल्हन को समझा-बुझा कर थाने में ही शादी कराई है। खास बात ये है कि थाना परिसर में स्थित मंदिर में ही दुल्हा और दुल्हन ने सात फेरे भी लिए। इस दौरान पुलिस के साथ ही दोनों पक्ष के लोग इस शादी के गवाह बने हैं।

डीजे बजाने को लेकर दोनों पक्षों में हुआ विवाद
दरअसल बीती रात बारात में डीजे बजाने को लेकर लड़की व लड़के पक्ष में विवाद हो गया था। वहीं परिजनों की पिटाई से नाराज युवक ने शादी से इंकार किया था। ऐसे में दोनों पक्ष को पुलिस ने थाने में बुलाया था।

पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा कर थाने में ही कराई शादी
जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा कर थाने में ही शादी कराई है। थाने परिसर के मंदिर में पंडित ने दुल्हा और दुल्हन की शादी संपन्न कराई। मामला शाहपुर थाना के नंदानगर इलाके का है। जहां डीजे बजाने को लेकर बारात में जमकर मारपीट हुई थी। इस दौरान नशे में धुत्त लड़की के परिजनों ने बारातियों को जमकर पीटा था।

दूल्हे ने शादी से किया था इंकार
जिसमें दूल्हे के परिजनों समेत आधा दर्जन लोग घायल हुए थे। वहीं मारपीट की घटना से नाराज दूल्हे ने शादी से इंकार किया था। जबकि हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्ष को थाने पर ले आई थी। जहां शाहपुर पुलिस ने दुल्हन शशि निषाद और दुल्हे अमर केवट को समझा कर शादी के लिए राजी कराया है।

UP News की अन्य न्यूज पढऩे के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें-