गोरखपुर: गेंद लेने गए युवक को सुरक्षाकर्मी ने गोली मारी, बुरी तरह घायल

punjabkesari.in Tuesday, Jul 23, 2019 - 08:40 AM (IST)

गोरखपुर (उप्र): गोरखपुर के गोरखनाथ इलाके में व्यापारी सी पी अग्रवाल के सुरक्षाकर्मी ने 18साल के एक किशोर को उस समय गोली मार दी जब वह व्यापारी के घर में क्रिकेट की गेंद लेने घुसा। पुलिस ने यह जानकारी दी है। 

सोमवार शाम को हुई इस घटना में अरविंद कुमार नामक किशोर बुरी तरह से घायल हो गया। उसे पहले बीआरडी मेडिकल कालेज ले जाया गया। बाद में स्थिति गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। इस मामले में कोई एफआईआर अभी तक दर्ज नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, 18 साल का अरविंद कुमार गैलेंट इस्पात लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सीपी अग्रवाल के घर के बाहर सोमवार शाम को क्रिकेट खेल रहा था। गेंद अग्रवाल के घर के अंदर चली गयी और वह गेंद लेने के लिए उनकी दीवार पर चढ़ रहा था तभी अग्रवाल के सुरक्षा कर्मी संदीप कुमार ने 12 बोर की बंदूक से फायर कर दिया। इससे अरविंद के माथे पर आंख के पास गोली लगी और वह बुरी तरह से घायल हो गया।

गोरखनाथ इलाके के पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि अरविंद व्यापारी के घर की दीवार पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था कि तभी सुरक्षाकर्मी ने गोली चला दी। इसके बाद सुरक्षा कर्मी फरार हो गया। मामले में एफआईआर लिखी जा रही है।

Ajay kumar