गोरखपुर: रंगभरी शोभायात्रा में शामिल हुए योगी, कहा- समाज में होलिका, हिरण्यकश्यप हैं तो प्रहलाद और भगवान नरसिंह भी

punjabkesari.in Saturday, Mar 19, 2022 - 02:55 PM (IST)

गोरखपुर: मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि होली जैसे पर्व की परंपरा हमें अतीत से जोड़ती है। समाज में जिस प्रकार होलिका या हिरण्यकश्यप किसी न किसी रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं, उसी प्रकार भक्त प्रहलाद और भगवान नरसिंह भी बुराई पर अच्छाई के प्रतीक रूप में रहते हैं।      

PunjabKesari
योगी शनिवार को होली के पावन पर्व पर घण्टाघर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, श्री होलिकोत्सव समिति की ओर से निकलने वाली रंग भरी शोभायात्रा के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा ‘‘ होली का पर्व हमारी हजारों साल की विरासत की पहचान है। यह इस बात के लिए प्रेरित करता है कि चुनौती कितनी भी कठिन हो हमें सामूहिकता के भाव से अहर्निश प्रयास करना चाहिए। यदि हम ऐसा कर सकें तो विजयश्री अवश्य मिलती है। हमें सदैव सात्विक एवं सकारात्मक भाव से चुनौतीपूर्ण मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।''  उन्होंने कहा कि रंगों के महापर्व के पूर्व हाल में सम्पन्न लोकतंत्र के महापर्व में जनता ने राष्ट्रवाद, सुशासन एवं विकास को चुना है। यूपी के परिणाम से अन्याय, अत्याचार, अराजकता और अव्यवस्था के खिलाफ लड़ने की इच्छा रखने वाले हरेक व्यक्ति के मन में उत्साह व उमंग है।      

PunjabKesari
मुख्यमंत्री ने कहा कि उल्लास का पर्व होली गोरखपुर के लिए और भी महत्वपूर्ण है। आजादी के बाद पहली बार जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर भाजपा को जीत दिलाकर जनता ने राष्ट्रवाद की मुहर लगा दी है। सुशासन को समर्पित अभियान में मंडल की 28 में से 27 सीटें भाजपा को दिलाकर लोगों ने हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है। कोरोना संकटकाल में महामारी के साथ गरीबों को भुखमरी से बचाने के लिए केंद्र व यूपी सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने लोगों को बीमारी से बचाने के साथ उनकी जीविका को भी बचाया। उन्होंने कहा कि देश में 80 करोड़ तथा प्रदेश में 15 करोड़ लोगों को मुफ्त डबल राशन दिया गया। ऐसा करके सरकार ने कोई उपकार नहीं किया बल्कि अपने दायित्व का निर्वहन किया।

योगी ने कहा ‘‘ हमारी आस्था बहुत मजबूत है हमें पर्वों की श्रेष्ठ परंपराओं को सदैव बनाए रखना होगा होली में कहीं भी फूहड़ ता या अराजकता को स्थान नहीं मिलना चाहिए हमें जोश में होश नहीं खो रहा है शालीनता से त्यौहार मनाना है। जो लोग किन्ही कारणों से रंग नहीं खेलना चाहते हैं उन पर जबरन रंग ना डालें।'' लोगों को होली की बधाई देने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान विष्णु की विधि विधान से आरती उतारी। उन्हें नारियल, गुझिया के साथ रंग, अबीर, गुलाल अर्पित किया। भगवान नरसिंह की पूजा करने के बाद योगी पूरी तरह होलीयाना मूड में आ गए।

उन्होंने लोगों के ऊपर जमकर रंग, अबीर, गुलाल व गुलाब की पंखुड़यिां उड़ाईं। देखते ही देखते योगी समेत समूचा जनमानस रंगों में सराबोर हो गया। इस दौरान योगी-योगी और जय श्रीराम के नारों के बीच उत्सवी उल्लास आसमान पर था। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के निवर्तमान कैबिनेट मंत्री डॉ महेंद्र सिंह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक डॉ पृथ्वीराज सिंह, प्रांत सह संघचालक डॉ महेंद्र अग्रवाल, प्रांत प्रचारक सुभाष जी, क्षेत्र प्रचारक अनिल जी, ओम जालान, श्री होलिकोत्सव समिति के डॉ अरुण प्रकाश मल्ल, मनोज जालान, वाराणसी से आए सतुआ बाबा, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास आदि भी मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static