ब्राह्मणों और दलितों पर जुल्म की पराकाष्ठा को पार कर चुकी है BJP सरकार: मिश्रा

punjabkesari.in Saturday, Aug 21, 2021 - 07:20 PM (IST)

औरैया: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में सवर्ण मतदाताओं में पैठ बनाने के लिये बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद सतीश चन्द्र मिश्रा ने कहा कि आगामी विधानसभा के चुनाव में प्रदेश में मायावती के नेतृत्व में बसपा सरकार बनाने जा रही है। प्रबुद्ध वर्ग के सम्मान व सुरक्षा के लिए बसपा द्वारा शनिवार को औरैया शहर की गोपाल वाटिका में आयोजित विचार संगोष्ठी में श्री मिश्रा ने कहा कि यह उनका 36 वां जिला है जहां वह इस तरह के सम्मेलन में भाग लेने आए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ब्राह्मणों और दलितों पर जुल्म और ज्यादती ही नहीं कर रही है बल्कि इसकी पराकाष्ठा को भी पार कर चुकी है।

 उन्होंने कहा कि वह इसी का खुलासा करने के लिए प्रदेश के हर जिले में जा रहे है। भाजपा धर्म, राम और बनारस में शिव के नाम पर भ्रष्टाचार कर रही हैं। भाजपा ने पूरे प्रदेश की जनता को धोखे में रखा है। भाजपा की सरकार में किसान परेशान है, उसकी दो दुनी आय बढ़ाने की बात करने पाटर्ी ने किसान विरोधी तीन किसान बिल लाकर किसानों को सड़कों पर उतर कर आन्दोलन करने के लिए मजबूर कर दिया है। श्री मिश्रा ने कहा कि सरकार में जहां ब्राह्मणों और प्रबुद्ध वर्ग के लोगों का सम्मान था वहीं अपराधियों को सख्त सजा दिलाई गयी उनके साथ कोई हमदर्दी नहीं बरती गयी। इस मौके पर उन्होंने अबकी बार बसपा सरकार का नारा दिया। इस मौके पर पूर्व विधायक रामजी शुक्ला मौजूद रहे। 

Content Writer

Ramkesh