केंद्र और राज्य सरकार किसानों की सच्ची हितैषी: योगी आदित्यनाथ

punjabkesari.in Thursday, Nov 21, 2019 - 04:25 PM (IST)

बस्तीः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि प्रदेश और केन्द्र सरकार किसानों की सच्ची हितैषी है और उनकी आमदनी बढ़ाने के लिए निरन्तर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने यहां उत्तर प्रदेश राज्य चीनी लिमिटेड की ओर से 400 करोड़ रूपये से निर्मित मुण्डेरवा चीनी मिल का उद्घाटन करने के बाद कहा कि प्रदेश की पूर्व सरकारों ने चीनी मिलें बेचकर पैसे कमाये। पिछली सरकारें चीनी मिलों को बंद कर बेचती थी।

राज्य की भाजपा सरकार बंद चीनी मिलों को चलाने और नई चीनी मिले लगाने का काम कर रही है। प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व मे देश तेजी से विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। गोरखपुर खाद कारखाना का निर्माण तेजी से चल रहा है। यह प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी की देन है। मुण्डेरवा चीनी मिल 20 वर्ष पहलेउस समय की सरकार ने बंद कर दिया था। साल 2002 में 11 दिसम्बर को आन्दोलन के दौरान तीन किसान बद्री चौधरी, धर्मराज चौधरी और तिलक राम चौधरी की मौत हो गई थी।

मुख्यमंत्री ने उन्हें शहीद बताया और कहा कि वो उन शहीदों को नमन करते हैं। उन शहीदों की बदौलत ही यहां नया चीनी मिल स्थापित हुआ है। इस चीनी मिल की पेराई क्षमता पहले 8 हजार कुन्तल प्रति दिन की थी अब 5 हजार टन प्रति दिन हो गई है। चीनी मिल द्धारा बिजली का उत्पादन किया जायेगा और प्रति वर्ष 30 करोड़ रूपए की बिजली बेची जायेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल मे 76 हजार करोड़ रूपया गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया है। इस मिल के संचालन के साथ ही क्षेत्र के लोगों को भी बिजली आपूर्ति की जायेगी। मुण्डेरवा चीनी मिल से 26 हजार किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।













 

Tamanna Bhardwaj