किसानों के हितों के प्रति पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है सरकार: योगी

punjabkesari.in Saturday, May 29, 2021 - 10:12 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में किसानों के हितों के प्रति पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही हैं। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि रमाला में रमाला चीनी मिल का पुनरुद्धार किया गया। गन्ना किसानों के जीवन में खुशहाली लाने का पूर्ण प्रयास किया जा रहा है। गन्ना किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान किया जा रहा है। पिछले 4 वर्ष के दौरान प्रदेश में लगभग 1 लाख 35 हजार करोड़ रुपए के गन्ना मूल्य का किसानों के खाते में भुगतान किया गया। आजादी के बाद किसी भी सरकार ने 5 वर्ष के अपने कार्यकाल के दौरान इतना गन्ना मूल्य भुगतान नहीं किया।  

उन्होंने कहा कि कोरोना काल खंड के दौरान चाहे पहली लहर हो या दूसरी लहर, प्रत्येक के दौरान उत्तर प्रदेश में स्थापित सभी 119 चीनी मिलों को चालू रखा गया। कहीं भी गन्ना किसान पीड़ित या प्रताड़ित न होने पाए या उनकी गन्ना फसल खराब ना हो पाए, प्रदेश सरकार इसका विशेष ध्यान रख रही है।  मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के लिए सभी योजनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। प्रदेश में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना को प्रमुखता से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे दशकों से लंबित कृषि सिंचाई योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जा सके। सिंचाई की विभिन्न योजनाओं के तहत बाणसागर परियोजना को पूरा किया गया। अर्जुन सहायक, मध्य गंगा तथा सरयू नहर प्रणाली को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का सर्वाधिक लाभ लेने वाला राज्य है। राज्य में अब तक 02 करोड़ 42 लाख से अधिक किसान पीएम किसान निधि से आच्छादित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना कालखंड में भी किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए गेहूं क्रय केंद्र वर्तमान में संचालित है। प्रदेश में अब तक 38 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं का क्रय किया जा चुका है। किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से 72 घंटे के अंदर उनकी उपज का दाम उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जा रही है।    उन्होंने कहा कि जहां वर्तमान में पूरे विश्व में और भारत के भी कई राज्यों में पूर्ण लॉक डाउन है, लेकिन वर्तमान उत्तर प्रदेश सरकार श्रमिकों को कोरोना से बचाते हुए उद्योगों का संचालन कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Recommended News

Related News

static