जब अवैध कब्जों पर चला प्रशासन का बुल्डोजर, तो अशियाना बचाने के लिए आगे लेट गई युवती

punjabkesari.in Tuesday, Dec 19, 2017 - 01:20 PM (IST)

सहारनपुरः जिले में बने नवनिर्वाचित भाजपा के पहले मेयर ने अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। जिसके तहत सोमवार को लेबर कॉलोनी स्थित करीब 2 बीघा जमीन पर प्रशासन का बुल्डोजर चला। यहां सैंकड़ों की संख्या में लोग झोपड़ीनुमा मकान बनाकर रह रहे थे। जिनमें से एक युवती की झोपड़ी ढहने पर उसने  बुल्डोजर के आगे लेटकर और रो-रो कर विरोध किया।

दरअसल, नगर निगम ने सोमवार को जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान शुरू किया। शहर की लेबर कॉलोनी में कई लोगों ने अवैध कब्जे कर रखे थे। लेबर कॉलोनी निवासी शिवानी भी इन्हीं लोगों में से एक यहां पर अपने परिवार के साथ झोपड़ी डालकर रह रही थी। नगर निगम के बुल्डोजर ने सबसे पहले शिवानी के आशियाने को ही अपना निशाना बनाया।

जिसपर शिवानी ने कहा कि अगर उसकी झोपड़ी गिरा दी जाती है तो उसके पास कोई ऐसी जगह नहीं है, जहां पर वो अपने परिवार के साथ सिर छुपा सके। उसने लाख फरियाद की, लेकिन ना तो पुलिस वालों और ना ही नगर निगम के कर्मचारियों ने युवती की सुनी।

जिसके बाद युवती बुल्डोजर के सामने लेट गई तो महिला पुलिस कर्मियों ने जबरन उसे बुल्डोजर के आगे से हटा दिया। शिवानी रोती और बिलखती रही और बुल्डोजर से उसके आशियाने को एक झटके में ध्वस्त कर दिया गया।

वहीं नगर आयुक्त गौरव वर्मा ने बताया कि नगर निगम की जमीन पर कब्जा हटाने का अभियान शुरू किया गया है। जिस व्यक्ति ने भी नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है, वो स्वयं ही हटा लें अन्यथा जबरन कब्जा हटाया जाएगा।