ग्रेटर नोएडा: कोरोना संक्रमित महिला से छेड़छाड़, आरोपी स्टोरकर्मी और सफाईकर्मी गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, May 08, 2020 - 08:57 AM (IST)

ग्रेटर नोएडा: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में बेहद ही शर्मनाक खबर सामने आई है। खबरों के मुताबिक यहां के एक अस्पताल में इलाज करा रही महिला के साथ छेडख़ानी की गई है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी स्टोरकर्मी और सफाईकर्मी को गिरफ्तार कर लिया है।साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है। फिलहाल, पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।

एक समाचार पत्र में छपी खबर के मुताबिक, मामला ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित एक अस्पताल का है। अस्पताल प्रबंधन ने नॉलेज पार्क थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बीते 24 अप्रैल को पीड़ित महिला ने अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया था। इसके बाद महिला की कोरोना की जांच की गई। 3 मई को रिपोर्ट आने पर वह संक्रमित पाई गई। इसके बाद उसे शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, महिला के पति और अन्य लोगों को क्वारेंटिन सेंटर में रखा गया है।

अस्पताल प्रबंधन ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया
उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि जांच के लिए दूध का सैंपल लेने आए अस्पताल के दो कर्मियों ने बुधवार देर रात उसके साथ कथित रूप से छेड़छाड़ कर अभद्र व्यवहार किया। डीसीपी ने बताया कि महिला ने इस मामले की शिकायत अस्पताल प्रबंधन से की। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने अपने दोनों आरोपी कर्मचारियों लवकुश और प्रवीण सुंदर के खिलाफ मामला दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों कर्मचारी अस्पताल में संविदा पर कार्यरत हैं।

Ajay kumar