टॉयलेट जाने का बहाना बना बनाकर मंडप से रफू-चक्कर हुआ दूल्हा, वधु पक्ष ने बारातियों को बनाया बंधक

punjabkesari.in Saturday, Mar 02, 2019 - 02:19 PM (IST)

बुलंदशहरः उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दुल्हन के घर बारात लेकर आया दुल्हा टॉयलेट जाने का बहाना बना कर रफूचक्कर हो गया। इस दौरान जैसे ही दूल्हे के रफूचक्कर होने की खबर बारातियों को मिली तो वह एक-एक खिसकने लगे। शादी समारोह में ऐसा माहौल देखकर वधु पक्ष को जब इस पूरे ड्रामे की जानकारी हुई तो उन्होंने बारातियों को बंधक बना लिया।

मामला नूपशहर कोतवाली क्षेत्र के तेलिया नंगला गांव का है। यहां गुरुवार रात को जहांगीराबाद से बारात आई थी। वधू पक्ष के लोग बारातियों का स्वागत कर रहे थे। तभी दूल्हे ने परिजनों से टॉयलेट जाने की बात कही। लेकिन, इस दौरान मौका पाकर दूल्हा वहां से भाग गया। काफी देर तक दूल्हा जब द्वारचार में नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ मिला। जिसके बाद सच सामने आया कि दूल्हा भाग गया है।

जिससे नाराज़ होकर वधु पक्ष के लोगों ने दूल्हे के परिजन, और बारात में शामिल होने आए बारातियों को बन्धक बना लिया। हालांकि सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बारातियों को बंधनमुक्त करा दिया है। वहीं पुलिस अब दोनों पक्षों में सुलह कराने में जुटी है। वहीं पुलिस अधिकारियों का दावा है कि अगर दोनों पक्षों में समझौता नहीं हुआ तो वधु पक्ष के लोगों के तहरीर पर दूल्हे और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।

Tamanna Bhardwaj