अमित शाह ने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-2 का किया शुभारंभ

punjabkesari.in Sunday, Jul 28, 2019 - 11:40 AM (IST)

लखनऊ: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी- 2 का शुभारंभ किया। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अमित शाह के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कार्यक्रम के आयोजक सतीश महाना समेत यूपी कैबिनेट के सभी मंत्री मौजूद हैं।

निवेशकों की मदद कर रही सरकार: डॉ. नरेश त्रेहन
इस अवसर पर मेदांता ग्रुप के चेयरमैन डॉ. नरेश त्रेहन ने कहा कि सरकार निवेशकों की मदद कर रही है। यूपी में कानून-व्यवस्था बहुत अच्छी है। ढाई साल में लखनऊ मेदांता अस्पताल तैयार किया गया है। सभी अधिकारियों के सहयोग से यह रिकॉर्ड समय में तैयार हुआ। 15 हजार लोगों को मेदांता लखनऊ से रोजगार मिलेगा। इसी के साथ ही नोएडा में 700 बेड के मेदांता अस्पताल का आज शिलान्यास किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि नोएडा के बाद गोरखपुर और वाराणसी में भी मेदांता अस्पताल खोले जाएंगे। बता दें कि इससे पहले शाह सीमा सुरक्षा बल के विशेष विमान से चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अमौसी पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री के साथ बीजेपी प्रदेश अधयक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री योगी ने किया ट्वीट
मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट कर लिखा कि हमारा उद्देश्य और लक्ष्य है उप्र में विकास की धारा को तीव्र गति देना जिससे हर एक नागरिक, हर एक वर्ग, शोषितों और वंचितों का सर्वांगीण विकास हो सके। GBC-2 में 65,000 Cr. के करीब 250 प्रोजेक्ट का शुभारंभ होगा। आइए, उत्तर प्रदेश में चल रही औद्योगिक क्रांति का हिस्सा बनिए। उत्तर प्रदेश आगे बढ़ेगा तभी भारत नई ऊंचाइयों को छू सकेगा। उत्तर प्रदेश ने सुनिश्चित कर लिया है कि वो भारत के तीव्र आर्थिक विकास का इंजन बनेगा। हमने उत्तर प्रदेश को भय-मुक्त और व्यापार-युक्त बनाया है। आइए, हम सब मिल कर एक नया उत्तर प्रदेश बनाएं।

उल्लेखनीय है कि, सीएम के कार्यकाल में यह दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी है। पिछले साल 29 जुलाई को पीएम नरेंद्र मोदी ने लगभग 60 हजार करोड़ रुपये की 81 परियोजनाओं का शिलान्यास किया था। सूबे के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने बताया कि दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग के सफल आयोजन की सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। इस मौके पर राजधानी को LED लाइट से सजाया गया है। मेहमानों के स्वागत के लिए आकर्षक तोरण द्वार बनाए गए हैं। राज्य सरकार के मेहमानों को हवाई अड्डे से गंतव्य तक ले जाने की जिम्मेदारी 9 विभागों को दी गई है।

समारोह में उद्योगपति अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी, आदित्य बिरला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिरला, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा समूह के चेयरमैन आनंद महेन्द्रा, आईटीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव पुरी, मेदांता ग्रुप के चेयरमैन डॉ. नरेश त्रेहन, एचसीएल समूह के संस्थापक चेयरमैन शिव नाडर, पेप्सिको इंडिया के अध्यक्ष अहमद अल शेख, टाटा संस के चेयरमैन चंद्रशेखरन, सैमसंग इंडिया के चेयरमैन एच सी हांग और टोरेंट ग्रुप के चेयरमैन सुधीर मेहता मौजूद होंगे।
दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शामिल होने वाली मल्टीनेशनल कंपनियों में कई चीन की भी होंगी। इसमें वीवो, ओप्पो, हायर, सनवुडा इलेक्ट्रॉनिक्स, होलिटेक टेक्नोलॉजी, लुआचुंग, फेंडा आडियो, चेनफेंग टेक, इंगटोंग इलेक्ट्रॉनिक्स शामिल हैं। इसके अलावा सैंमसंग, लावा, पेप्सिको, आईटीसी, जेके सीमेंट, टाटा पावर, हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसी कंपनियां भी यूपी में निवेश करेंगी।

Deepika Rajput