बेटी बनी अभिशाप, नाराज पति ने पत्नी के चेहरे पर डाला तेजाब

punjabkesari.in Monday, Mar 05, 2018 - 05:06 PM (IST)

मुरादाबादः उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक पति ने अपनी पत्नी के चेहरे पर तेजाब डाल दिया। जिसके बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। महिला को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। यहां महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं महिला के परिजनों ने इसकी शिकायत थाने में की है। पुलिस ने आरोपी पति ने खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक मामला सिविल लाइंस के बसेरा कॉलोनी का है। नागफनी के न्यारियान मोहल्ला निवासी फराह की शादी चक्कर की मिलक निवासी सिराज के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद फराह ने एक बेटी मुस्कान को जन्म दिया। इसके बाद से ही ससुराल वाले उसका उत्पीड़न करने लगे। छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और उसे तरह-तरह से यातनाएं दी जाती थीं। जिसके चलते पीड़िता ने इसकी शिकायत की थाने में की थी, लेकिन पुलिस ने समझौता करवा कर मामला शांत करा दिया था।

वहीं 4 दिन पूर्व सास नसीम जहां ने फराह को ताने देने शुरू कर दिए। इतना ही नहीं सास ने अपने बेटे को भी खरी खोटी सुनाई।  इससे गुस्साए सिराज ने रविवार रात घर में सो रही पत्नी फराह के ऊपर तेजाब डाल दिया। फराह की चिल्लाने की आवाज सुन आस पड़ोस लोग आए। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस संबंध में सिविल लाइंस थाने में शिकायत दी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।