हरदीप पुरी ने राज्यसभा उपचुनाव सीट के लिए भरा नामांकन, सीएम योगी भी मौजूद

punjabkesari.in Wednesday, Jan 03, 2018 - 01:43 PM (IST)

लखनऊः शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी ने बुधवार यूपी से राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र भरा है। नामांकन पत्र भरते समय पंजाब के फतेहगढ़ साहिब से आम आदमी पार्टी के लोकसभा सांसद हरिंदर सिंह खालसा भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय भी मौजूद हैं।


बता दें कि पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर के इस्तीफे के बाद प्रदेश में खाली हुई राज्यसभा की सीट पर उपचुनाव हो रहा है। इसमें 5 जनवरी तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। सितंबर में हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाए गए हरदीप सिंह पुरी अभी संसद में किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं।


प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव में भाजपा ने उन्हें प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा ने सरकार के मंत्रियों और विधायकों को पुरी का प्रस्तावक और समर्थक बनाया है। उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।

राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन के बाद केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व अमित शाह का आभार जताते हुए विकास का एजेंडा पूरा करने की बात कही। पर्चा भरने के बाद उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। यूपी के शहरी विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी के सहयोग से जो संभव होगा, किया जाएगा।

इस अवसर पर मौजूद सीएम आदित्यनाथ योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा प्रदेश है। नगरीय निकायों की दृष्टि से भी सबसे बड़ा प्रदेश है। हरदीप सिंह पुरी को यूपी का राज्यसभा सदस्य बनाए जाने से यूपी को लाभ मिलेगा।