चुनाव आते ही अखिलेश को आई चाचा शिवपाल की याद! डिंपल की राह में सियासी कांटे साबित होंगे मुलायम के समधी हरिओम यादव के बयान

punjabkesari.in Saturday, Nov 19, 2022 - 01:45 AM (IST)

फिरोजाबाद: समाजवादी पार्टी (सपा) से किनारा कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो चुके सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के समधी हरिओम यादव ने शुक्रवार को दावा किया कि यादव मतदाता नेताजी (मुलायम) का सम्मान करता था लेकिन अब मैनपुरी समेत सभी जिलों में सपा का सफाया होना तय है।      

सपा महासचिव प्रो रामगोपाल यादव परिवार को खत्म कर रहे हैं
शिकोहाबाद और सिरसागंज सीट पर सपा के टिकट पर विधायक रहे हरिओम यादव पिछले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। उन्होंने कहा कि सपा महासचिव प्रो रामगोपाल यादव परिवार को खत्म कर रहे हैं। विगत विधानसभा चुनावों में केवल मुलायम सिंह यादव की वजह से 100 सीट आ गई थी लेकिन 2024 लोकसभा चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा का पूरी तरह सफाया हो जायेगा।

मैनपुरी उपचुनाव में मुलायम की बहू डिंपल यादव चुनाव मैदान में
पूर्व विधायक ने कहा कि अभी तक सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने चाचा एवं प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) प्रमुख शिवपाल यादव से घृणा कर रहे थे मगर चुनाव आते ही उन्हे चाचा की याद आ गई क्योंकि सभी जानते हैं मैनपुरी में भाजपा प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव के करीबी हैं और उनके साथ काम किया है। हरिओम यादव का यह बयान इसलिए भी सियासी रूप से काफी अहम है क्योंकि मैनपुरी उपचुनाव से मुलायम की बहू और अखिलेश यादव की पत्नी पूर्व सांसद डिंपल यादव चुनाव मैदान में हैं।

Content Writer

Mamta Yadav