मथुरा में हैवानियत: मुंह में कपड़ा ठूस 8 वर्षीय बच्ची से दरिंदगी कर हत्या, झाड़ियों में मिला शव

punjabkesari.in Friday, Nov 27, 2020 - 02:23 PM (IST)

मथुरा: उत्तर प्रदेश में फिर एक बार हाथरस कांड दोहराया गया। मथुरा जनपद की रमणरेती पुलिस चौकी के समीप एक गांव में 8 वर्षीय बालिका के मुंह में कपड़ा ठूस कर रेप किया गया उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉटर्म के लिए भेज दिया है। वहीं गांव में घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है। सूचना मिलते ही घटना स्थल पर एसपी सिटी सहित सिओ सदर मौके पर पहुंच गए। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया है। जिससे पूछताछ की जा रही है।


मुंह में कपड़ा ठूसा झाड़ियों में मिला बालिका का शव
मिली जानकारी के मुताबिक वृंदावन कोतवाली के अंतर्गत छटीकरा मार्ग स्थित मल्टी लेवल पार्किंग के समीप शुक्रवार सुबह 8 वर्षीय बालिका का शव मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बालिका की हत्या से पहले बलात्कार किया गया। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि मल्टी स्टोरी पार्किंग के पास झाड़ियों में मिले बालिका के मुंह में कपड़ा ठूसा गया था। उसके साथ रेप किया गया उसके बाद हैवानों ने उसकी हत्या कर दी।


गुरुवार दोपहर ढाई बजे घर से लापता हुई थी बालिका
बताया जा रहा है कि मृत बालिका रमणरेती पुलिस चौकी के समीप एक गांव की रहने वाली है। वह गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे घर के बाहर खेलने के दौरान अचानक लापता हो गई थी। उसे परिजनों ने दिनभर और रात को भी तलाश किया। लेकिन बालिका का कोई सुराग नहीं लगा। आखिरकार परिजनो ने वृंदावन कोतवाली पुलिस को घटना से अवगत कराया।
बालिका का शव मिलते ही गांव के लोग घटना स्थल पर जमा हो गए। वहीं एहतियातन पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। एसपी सिटी और सीओ सदर भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल करने में लगे हैं। वहीं पुलिस ने कोतवाली में मीडिया की एंट्री पर भी रोक लगा दी है।


एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने बताया कि मल्टी स्टोरी पार्किंग के पास एक 8 वर्षीय बालिका का  शव  मिला है। जिसके शव को पोस्ट मॉर्टम के लिए भेज दिया है। बालिका की गुमशुदगी गुरुवार देर शाम दर्ज हो गई थी। जांच की जा रही है। जांच के बाद ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Umakant yadav