तिरंगा ओढ़कर जश्न मनाना Hardik Pandya को पड़ा भारी, UP के हाथरस में FIR की मांग, जानें क्या है पूरा विवाद?

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 06:37 AM (IST)

Hathras News: भारतीय क्रिकेट टीम के उप-कप्तान और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक नए कानूनी विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड पर शानदार जीत के बाद मनाए गए जश्न को लेकर उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश के हाथरस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

क्या है शिकायत की वजह?
मिली जानकारी के मुताबिक, 8 मार्च 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार विश्व खिताब अपने नाम किया। जीत के बाद हार्दिक पांड्या शरीर पर राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) लपेटकर अपनी पार्टनर के साथ जश्न मना रहे थे। इसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में नजर आए।

वकील ने लगाए गंभीर आरोप
हाथरस के नगला नंदू निवासी अधिवक्ता विश्वप्रताप सिंह राना ने इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री और हाथरस पुलिस प्रशासन को पत्र लिखा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि हार्दिक पांड्या ने तिरंगा ओढ़कर जो आचरण किया, वह राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के विरुद्ध है। अधिवक्ता ने इसे राष्ट्रीय सम्मान का अपमान बताते हुए मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

अधिवक्ता राना के मुताबिक, इस घटना से देश के करोड़ों खेल प्रेमियों और राष्ट्रभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। अब देखना यह होगा कि इस शिकायत पर पुलिस प्रशासन क्या कदम उठाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static