Hathras Stampede case: हाथरस भगदड़ मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, आज होगी कोर्ट में पेशी

punjabkesari.in Saturday, Jul 06, 2024 - 08:38 AM (IST)

Hathras Stampede case: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के फुलरई गांव में 2 जुलाई को एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मची भगदड़ में 121 लोगों की मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए। इस मामले के मुख्य आरोपी देवप्रकाश मधुकर को शुक्रवार देर रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उत्तर प्रदेश सरकार की एजेंसियों ने उसे पकड़ने के लिए राज्य के साथ-साथ पड़ोसी राजस्थान तथा हरियाणा में तलाश शुरू कर दी थी। जिसके चलते पुलिस ने उसे कल गिरफ्तार कर लिया है। आज (6 जुलाई) देव प्रकाश मधुकर को हाथरस कोर्ट में पेश किया जाएगा।

मुख्य आरोपी ने किया सरेंडरः सूत्र
बता दें कि मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर की तलाश में चार दिन से यूपी पुलिस की टीमें कई राज्यों से दबिश दे रही थीं। सीएम योगी आदित्यनाथ के हाथरस भ्रमण के बाद आरोपी पर एक लाख का इनाम घोषित किया गया था। 5 जुलाई को पुलिस ने देर शाम उसे गिरफ्तार कर लिया। मधुकर को उत्तर प्रदेश पुलिस ने देश की राजधानी दिल्ली से गिरफ्तार किया। सूत्रों का कहना है कि देव प्रकाश मधुकर ने सरेंडर किया है। दिल्ली के नजफगढ़-उत्तम नगर के बीच के एक अस्पताल में यूपी की हाथरस पुलिस पहुंची थी। देव प्रकाश ने उनके सामने सरेंडर किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। आज कोर्ट में उसकी पेशी होगी।

अब तक सात आरोपी गिरफ्तार
हाथरस जिले के फुलरई गांव में दो जुलाई को ‘भोले बाबा' के सत्संग के बाद मची भगदड़ में कुल 121 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें अधिकतर महिलाएं थीं। इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में नामजद आरोपी के तौर पर सिर्फ मुख्य सेवादार मधुकर का नाम है और सूरजपाल का नाम दर्ज नहीं किया गया है। यह प्राथमिकी हाथरस के सिकंदराराऊ पुलिस थाने में दर्ज की गई, जिसमें मधुकर के अलावा ‘‘कई अज्ञात आयोजकों'' को भी आरोपी बनाया गया। इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static