दूल्हा बदल जाने की खबर सुन दुल्हन ने किया शादी से इनकार, पूरी बारात को बनाया बंधक

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2020 - 05:19 PM (IST)

एटाः उत्तर प्रदेश के एटा में एक शादी समारोह में उस वक्त असहज स्थिति बन गई जब बारात में दूल्हा बदले जाने की बात सुन दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। जिसके चलते दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हुआ। लड़की वालों का कहना था कि सगाई किसी और लड़के से हुई थी, दूल्हा बनकर जो लड़का आया है वो कोई और है। इसकी जानकारी मिलते ही दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया।

दरअसल, थाना जसरथपुर के गांव ढटिंगरा में मैनपुरी के हरचंदपुर से बारात आई थी। सब सही चल रहा था कि दूल्हे का चेहरा देख परिवार वाले परेशान हो गए। घरवालों ने बताया यह तो वह नहीं है, जिसके साथ सगाई की गई थी। धीरे-धीरे यह बात गांव में फैल गई। बस फिर क्या था गांववालों ने पूरी बारात को बंधक बना लिया। वहीं जब इस बात की भनक दुल्हन को लगी तो उसने शादी से ही इनकार कर दिया। हंगामा बढ़ता देख किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष थाने लेकर पहुंची। 

इस बारे में थानाध्यक्ष सीएल कुरील ने बताया कि पहले थाने में दोनों पक्ष में समझौते की कोशिश की गई। बात न बनने पर दूल्हा पक्ष के खिलाफ लड़की पक्ष ने मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने जरूरी कार्रवाई के बाद बारात को जाने दिया।
 

Tamanna Bhardwaj