बारात में DJ की आवाज सुनकर बिदका घोड़ा, दूल्हे संग बारातियों की हुई ऐसी हालत

punjabkesari.in Sunday, Jan 19, 2020 - 02:39 PM (IST)

जौनपुरः हर दूल्हे का शौक होता है कि वह घोड़ा पर बैठकर अपनी दुल्हनिया को लेने जाए। वहीं बैंड बाजा शादी के समारोह में खुशियों का रस घोल देता है। जौनपुर में एक शादी समारोह की खुशियों में उस वक्त ग्रहण लग गया जब डीजे की तेज आवाज सुनकर घोड़ा बिदक गया और दूल्हा घोड़े से गिर गया। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए।

बता दें कि घटना जौनपुर जिले के जमालापुर बाजार की है। जहां धूमधाम से बारात की तैयारी के दौरान दूल्हा की माता उमा देवी परछन कराने के लिए घोड़े पर बैठे दुल्हे कल्याण के पास आईं, तभी तेज आवाज से डीजे बजने लगा। उसी समय घोड़ा बिदक गया। दूल्हा तो घायल हुआ ही साथ ही  बेलगाम हुआ घोड़ा भी एक चार पहिया वाहन से भिड़ जाने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घोड़े की इस हरकत से दरवाजे पर इकट्ठा हुए बारातियों में भी हड़कंप मच गया।

बेलगाम घोड़ा सड़क पर जा पहुंचा और उसने एक बाइक सवार को भी बुरी तरह से घायल कर दिया। वहां मौजूद बारातियों की मदद से उसकी जान बच पाई। घोड़े की मार से दूल्हे की माता उमा देवी (40), पिता शिव बाबू मोदनवाल, पड़ोसी निर्मला देवी (45) और खुद दूल्हा (22) घायल हो गया।  बताया जा रहा है कि घोड़े का पैर टूट गया, जिस कारण वह सड़क पर ही गिर पड़ा। परिजनों ने सभी घायलों को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां दूल्हे की मां उमा देवी की हालत गंभीर बनी हुई है।

Tamanna Bhardwaj