BJP के सदस्यता अभियान में शिरकत करने के बाद बोलीं मेनका- जिंदा दिलों को पार्टी से जोड़ें

punjabkesari.in Sunday, Jul 07, 2019 - 05:35 PM (IST)

सुल्तानपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद मेनका गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र सुल्तानपुर में रविवार को भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान कार्यक्रम में शिरकत करते हुए कहा कि अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं को जिंदा दिल युवाओं को सदस्यता लेने के लिए प्रेरित करना चाहिए।

गांधी ने कहा कि हमारी सदस्यता जिंदादिली की होनी चाहिए। गांव के किसी बूढ़े या 2-4 लोगों को सदस्य बन कर अपने कर्तव्य की इतिश्री ना करें। भाजपा की सदस्यता में इस बात का जरूर ध्यान रखें कि जो लोकसभा चुनाव में हमारे साथ नहीं थे उन्हें भी भाजपा के साथ जोड़ें। आगे आने वाले समय में पंचायत और विधानसभा चुनाव होने हैं। इस सदस्यता का लाभ आगे के चुनाव में जरूर मिले। हमारा प्रधानी और विधायकी चुनाव का जितना जरूरी है। उन्होंने इससे पहले मुजेश में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बूथ स्तर पर ‘पंचवटी' लगाने का आह्वान किया।

गांधी ने कहा कि यदि आप जिले के कार्यालय पर समस्याओं को लेकर आ सकते हैं तो ठीक है, नहीं तो हम स्वयं आपके पास आकर आपकी हर समस्याओं के समाधान करने का प्रयास करेंगे। किसी से डरने की जरूरत नहीं है, आप को किसी भी प्रकार की समस्या है तो आप खुलकर लिखित रूप से अपनी समस्या से हमें जरूर अवगत कराएं। चुनाव परिणाम आने के बाद लगभग से 100 गांव का दौरा कर चुकी हूं। आगे भी जनता के बीच पहुंच उनकी समस्याओं को सुनूंगी।

इस बीच ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान द्वारा बनाए जा रहे शौचालय निर्माण में लापरवाही एवं घटिया सामानों के प्रयोग की शिकायत गांधी से की। गांधी ने भरथीपुर, सूदनापुर, कटघरा, कटका गोसाईगंज आदि गांव में जनसभा को संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के सदस्यता अभियान में अधिक से अधिक सदस्य बनाने व प्रत्येक बूथ पर पांच पेड़ पंचवटी लगाने का आह्वान भी किया।

Anil Kapoor