गैस सिलेंडर लीक होने से मजदूर के घर में लगी भीषण आग, चपेट में आई मासूम की मौत, पिता-पुत्र गंभीर रूप से झुलसे

punjabkesari.in Thursday, Dec 15, 2022 - 11:12 AM (IST)

आगराः उत्तर प्रदेश के आगरा में एक आग लगने से एक भीषण हादसा हो गया है। यहां पर जिले के खंदौली थाना क्षेत्र के ग्राम बेलोठ में बुधवार रात को गैस सिलेंडर लीक होने के कारण एक मजदूर के घर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से बढ़ गई और घर में फंसे लोग आग की चपेट में आ गए। गांव वालों को जब इस घटना का पता चला तो उन्होंने कड़ी मशक्कत कर आग को बुझाया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि इसमें 6 महीने की मासूम जिंदा जल गई और उसकी मौत हो गई। वहीं, पिता-पुत्र गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बता दें कि यह मामला जिले के खंदौली थाना क्षेत्र के ग्राम बेलोठ का है। यहां पर एक मजदूर डोरीलाल अपने परिवार के साथ रहता है। वह मजदूरी करके ही परिवार का पालन पोषण करता है। बुधवार रात को उनके घर में बिजली नहीं आ रही थी। इस पर उसकी पत्नी राजकुमारी मोमबत्ती जला कर घर का काम कर रही थी। उसी समय घर में रखा गैस सिलेंडर लीक हो रहा था जिस कारण उनके घर में आग लग गई। आग लगने से परिवार के लोगों में चीख पुकार मच गई। चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों आए और आग बुझाने की कोशिश की। लोगों ने पानी और मिट्टी डाल कर आग पर काबू करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो गई। आग लगने से डोरी लाल की छह महीने की धेवती डिंपल की जलकर मौत हो गई, जबकि की डोरी लाल और उसका पुत्र ऋषि गंभीर रूप से झुलस गया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा बच्ची का शव
डोरी लाल ने बताया कि, अभी कुछ दिन पहले ही उनकी बेटी सुनीता अपने मायके आई हुई थी। उसी के लिए राजकुमारी गैस पर दूध गर्म करने गई थी। गैस जलाते ही आग लग गई, जिससे पूरा घर आग की चपेट में आ गया। जिस समय घर में आग लगी उस समय सुनीता घर के बाहर बैठी हुई थी। वहीं, इस मामले की जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने जांच पड़ताल की। वहीं, एसओ खंदौली आनंदवीर सिंह ने बताया पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और घायलों का इलाज हो रहा है।  

Content Editor

Pooja Gill