यूपी में भारी बारिश का अनुमान; रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी, 7 जिलों में 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित

punjabkesari.in Thursday, Sep 12, 2024 - 08:34 AM (IST)

UP Weather News: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन मुश्किले भी बढ़ गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए ‘रेड' और ‘ऑरेंज' अलर्ट जारी करते हुए अगले 48 घंटों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। इसी को देखते हुए प्रदेश के 7 जिलों में 12वीं तक स्कूल बंद कर दिए गए है। आज 12वीं तक के सभी स्कूलों में छुट्टी रहेगी। वहीं, कई जिलों में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे भी हालात बनते जा रहे है।

इन जिलों में अलर्ट जारी
बता दें कि मौसम विभाग ने मथुरा और आगरा को ‘रेड अलर्ट' के तहत रखा है, जिसके तहत संभावित प्राकृतिक आपदाओं के लिए उच्चतम स्तर की तैयारियां करने के लिए कहा जाता है। इसके अलावा, राज्य के एक दर्जन से अधिक अन्य जिलों के लिए ‘ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है। मथुरा और आगरा के लिए रेड अलर्ट बुधवार सुबह से बृहस्पतिवार सुबह तक वैध है। इसके अलावा, फर्रुखाबाद, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और शाहजहांपुर को भी बृहस्पतिवार और शुक्रवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 52 जिलों में गरज-चमक का अलर्ट है।

इन जिलों में स्कूलों में रहेगा अवकाश
उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त जी.एस. नवीन कुमार ने कहा, “प्रभावित जिलों में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने और यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।” वहीं, भारी बारिश के चलते एटा, झांसी, ललितपुर, आगरा, कन्नौज, इटावा और हाथरस में 12वीं तक के स्कूलों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई है। आगरा में बाढ़ जैसे हालात की आशंका के चलते जिला प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से एडवाइजरी जारी की है। 12वीं तक के सभी बोर्डों के सभी स्कूलों का जिलाधिकारी ने अवकाश घोषित किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static