अरे वाह: रात में गंतव्य तक महिलाओं को पहुंचाएगी डॉयल 112

punjabkesari.in Wednesday, Dec 11, 2019 - 04:59 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अहम कदम उठाया है। अब पीआरवी 112 महिलाओं को देर रात घर तक पहुंचाने का काम करेगी। इसकी शुरुआत भी हो चुकी है। कल 112 के कंट्रोल रूम पर लगभग 6 महिलाओं ने सहायता के लिए कॉल भी की और उनको क्विक रिस्पॉन्स भी दिया गया। इस बाबत पुलिस मुखिया ओपी सिंह ने दो दिन पूर्व एक आदेश भी जारी किया था जिसमें पीआरवी 112 रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक महिलाओं को उनके गंतव्य तक छोड़ेगी।

दरअसल देश में बढ़ रही महिला अपराध की घटनाओं पर कमी लाने के लिए यूपी सरकार ने महिला सुरक्षा को लेकर अहम कदम उठाया है। अगर कोई महिला रात 10 बजे के बाद अकेले बाहर है औऱ खुद को असुरक्षित महसूस करती है तो वह पीआरवी 112 की सहायता से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेगी।

वहीं सरकार के इस कदम से राजधानी लखनऊ की महिलाएं काफ़ी संतुष्ट और ख़ुश नजर आई महिलाओं का मानना है कि देर रात उन्हे अनहोनी कि आशंका सताती है। कैब हो या ऑटो सबमे रिस्क होता है। अब पीआरवी 112 के माध्यम से वह खुद को सुरक्षित महसूस करेंगी।

वहीं एडीजी तकनीकी सेवा असीम अरुण ने बताया इसकी शुरुआत की जा चुकी है लगभग 6 कॉल कल आई जिसका निस्तारण किया गया है। इसके अलावा एक महिला का कॉल आया था जिन्होंने 40 किलोमीटर दूर दूसरे स्टेट में जाने को कहा था लेकिन उन्हें समझाया गया की यह सेवा दूसरे स्टेट के लिए नहीं है। साथ ही एडीजी तकनीकी सेवा असीम अरुण ने बताया कि महिला सिपाहियों को इस बाबत ट्रेनिंग भी दी जा रही है।
 

Ajay kumar