प्यार में धोखा मिलने पर महिला ने किया हाई वोल्टेज ड्रामा, लोगों ने किया पुलिस के हवाले

punjabkesari.in Monday, Sep 17, 2018 - 11:54 AM (IST)

बांदाः उत्तर प्रदेश के बांदा में बीती रात एक महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। महिला ने उत्पात मचाते हुए लोगों को खुद में देवी का वास बताया।  इतना ही नहीं महिला ने प्यार में धोखा मिलने की बात भी सभी को बताई। छतरपुर के एक युवक पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह मेरे पैसे और सामान लेकर फरार हो गया है। 

मामला जिले के रोडवेज बस स्टैंड का है। यहां महिला ने काफी देर हाई वोल्टेज ड्रामा कर लोगों को परेशान किया। उसने लोगों को बताया कि एक युवक ने उसे प्यार में धोखा दिया है। मैं सब कुछ छोड़-छाड़ कर यहां उसके पास आई थी। महिला के ड्रामे को देखते हुए स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला की दिमागी हालत ठीक ना बताते हुए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

महिला के मुताबिक वह हरियाणा की है और शादीशुदा है। उसका पति पंजाब पुलिस में नौकरी करता है, लेकिन किसी विवाद के चलते उसका तलाक हो गया। जिसके बाद वह छतरपुर के रहने वाले सुन्दर यादव नाम के लड़के के प्रेम प्रसंग में पड़ गई। वह आज अपने प्रेमी से मिलने आई थी, लेकिन उसके प्रेमी ने धोखा देते हुए उसका सारा सामान और पैसे छीन लिए और उसे बांदा की बस में बैठा दिया। महिला के पास एक लव लेटर भी मिला है।

इलाज कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि 35 वर्षीय महिला की दिमागी हालत ठीक नहीं लग रही है। वहीं पुलिस के मुताबिक महिला की शिनाख्त करवा कर उसके परिजनों को सौंपा जाएगा। इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जाएगी। 
 

Ruby