सहारनपुर में प्रशासन की अनुमति के बिना भी शुरू होगी पदयात्रा: संजय सिंह

punjabkesari.in Wednesday, Aug 29, 2018 - 09:30 AM (IST)

सहारनपुर: आप पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन की बगैर अनुमति के भी सहारनपुर में बुधवार को उनके नेतृत्व में पार्टी की पदयात्रा हर हालत में शुरु होगी। सिंह ने पत्रकार से कहा कि जिला प्रशासन ने अभी तक पदयात्रा की अनुमति प्रदान नहीं की है। सहारनपुर प्रशासन का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। पिछले दिनों दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तो प्रशासन ने सहारनपुर में प्रवेश करने तक की अनुमति नहीं दी थी। संजय सिंह के साथ आप पार्टी की चांदनी चौक से विधायक अलका लांबा, महरौली से विधायक नरेश यादव और विधायक सोमनाथ भारती भी थे। नई दिल्ली से ये लोग दोपहर करीब 3 बजे सहारनपुर पहुंचे। जहाँ उन्होंने सबसे पहले शहीदे आजम सरदार भगत सिंह के भतीजे किरणजीत सिंह संधू के आवास पर पहुंच कर उनसे मुलाकात की और भगतसिंह की यादों को ताजा किया।

विधायक अलका लांबा ने कहा कि यह स्थान किसी तीर्थ स्थान से कम नहीं है। सरदार किरणजीत सिंह संधू ने आप पार्टी के नेताओं को सरदार भगत सिंह के अंतिम दिनों की गतिविधियों के बारे में पूरी जानकारी दी कि जब परिवार ने भगतसिंह पर शादी करने का दबाव बनाया तो वह घर से भागकर कानपुर गणेेश शंकर विद्यार्थी के पास रहने चले गए और वहां से अलीगढ़ के शादीपुर में ठाकुर टोडरपुर स्कूल में पढाने लगे। वह उस दौरान सहारनपुर भी आए और इसी घर में जहां आज हम रह रहे हैं उनकी मां भी रहती थी। किरणजीत संधू के पिता और भगतसिंह से 11 साल छोटे सरदार कुलतार सिंह का बुधवार 29 अगस्त को जन्मशताब्दी दिन है। संधू ने संजय सिंह से कहा कि सरदार भगतसिंह के 2007 में जन्म शताब्दी वर्ष पूरा होने के अवसर पर चंडीगढ़ हवाई अडडे का नाम उनके नाम पर रखने की पंजाब और हरियाणा विधानसभा से पारित प्रस्ताव को न तो प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह सरकार और न ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने पूरा किया है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 2008 में सरदार भगतसिंह के पैतृक गांव खटकडकला जिला नवांशहर वर्तमान में जिला शहीद भगत सिंह के म्यूजियम में गए थे तब परिजनों ने उनसे भी इस मांग को दोहराया था। वह भी भूल गए। प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी भारत पाक सीमा पर भगत सिंह की हुसेनीवाला स्थित समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने गए थे तो उन्होंने हवाई अडडे का नाम भगत सिंह के नाम पर रखे जाने को यह कहकर खारिज कर दिया था कि उनकी सरकार अब महापुरुषों के नाम पर हवाई अडडोंं का नामकरण नहीं करेगी।

संजय सिंह ने कहा कि 29 अगस्त से 8 सितम्बर तक सहारनपुर से नोएडा तक कि पदयात्रा को अवश्य शुरु करेंगे। यदि प्रशासन चाहता है तो उनको गिरफ्तार कर लिया जाए। संजय सिंह ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों का करोड़ों रुपए के बकाया का भुगतान राज्य सरकार नहीं करा रही है और किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य भी नहीं दे रही है। किसानों के कर्जे माफ नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि आप पार्टी की मांग है कि शिक्षा मित्रों को स्थाई किया जाए और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बैंच की स्थापना की जाए। आप नेताओं के देर से पहुंचने के कारण उनके शाकुम्भरी देवी, दारुल उलूम देवबंद और देवीकुंड बाला सुंदरी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के कार्यक्रम रदद हो गए।

Anil Kapoor