कैंसर यूनिट का शुभारंभ कर बाेले महामहिम- श्रीकृष्ण ने जन साधारण काे अत्याचार से मुक्ति दिलाई

punjabkesari.in Thursday, Nov 28, 2019 - 02:56 PM (IST)

मथुराः देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर श्री कृष्ण की लीलास्थली पहुंचे हैं। यहां उनकी अगवानी प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की। जहां पहुंचने के बाद उन्होंने रामकृष्ण मिशन की कैंसर यूनिट का शुभारंभ कर मथुरावासियों को सौगात दी। राष्ट्रपति कार्यक्रम में अपनी पत्नी सविता कोविंद के साथ पहुंचे।

कैंसर यूनिट का शुभारंभ करने पहुंचे कोविंद ने कहा कि भगवान कृष्ण महायोगी हैं। कृष्ण ने जन साधारण को अत्याचार से मुक्ति दिलाने के लिए यहां जन्म लिया था। अब यही पवित्र स्थल जन साधारण को रोग मुक्त करने के लिए भी जाना जाएगा। राम कृष्ण मिशन ने इस पवित्र धरती को जन साधारण के रोग मुक्त करने के लिए चुना है। इसके लिये मैं मिशन को बधाई देता हूं।

कैंसर यूनिट के उदघाटन करने के बाद राष्ट्रपति ने बांके बिहारी मंदिर में ठाकुर जी के दर्शन किए। राष्ट्रपति के बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने के दौरान भक्तों के लिए पट बंद कर दिए गए थे। उनके साथ राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी थे। जिन्होंने आरके मिशन में नव निर्मित ब्लाक का जायजा लिया। 

वहीं कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन परंपरा ने सेवा को ही धर्म माना है। स्वामी विवेकानंद ने भी धर्म को सेवा मानकर कार्य किया। कैंसर जैसी बीमारी के लिए ये अस्पताल बहुत उपयोगी साबित होगा। राम के नाम पर पूरे देश में जो सेवा का मिशन चल रहा है। यहां दूसरे राम द्वारा उसे एक नई गति दी जा रही है। यह अदभुत संयोग है।

 

 

Ajay kumar