राम रहीम का सबसे बड़ा राजदार मानी जा रही हनीप्रीत की तलाश में जुटी UP पुलिस, फोटो वायरल

punjabkesari.in Sunday, Sep 10, 2017 - 12:28 PM (IST)

सिद्धार्थनगरः साध्वियों से दुष्कर्म मामले में जेल में बंद गुरमीत राम रहीम की मुंहबोली बेटी हनीप्रीत की तलाश जोरों पर है। इसी के चलते उत्तर प्रदेश की सीमा के सभी थानों में हनीप्रीत की तस्वीर भेजी गई है। साथ ही नेपाल भागने की आशंका में एसएसबी को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।
              
बता दें कि सिद्धार्थनगर में पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि वह हर अजनबी लड़की पर नजर रखें। संदिग्ध प्रतीत होने पर तत्काल महिला पुलिस से उसकी गहनता से छानबीन कराएं।
                    
राम रहीम के साथ हनीप्रीत के अंतरंग रिश्ते पर भी खूब बहस छिड़ी है। उसे गुरमीत सिंह का सबसे बड़ा राजदार माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि हनीप्रीत नेपाल भाग सकती है। इस आशंका को ध्यान में रखकर पुलिस अधीक्षक ने सभी सीमाई थानाध्यक्षों के पास हनीप्रीत की तस्वीर भेजी है।