ऑनर किलिंग: अंतरजातीय विवाह करने की मिली सजा, भाई ने बहन की हत्या कर छत से फेंका

punjabkesari.in Monday, Oct 26, 2020 - 05:17 PM (IST)

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। जहां दूसरी जाति के लड़के से शादी करने से अपना अपमान महसूस कर रहे परिजनों ने पहले लड़की का गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। फिर छत से नीचे फेंक दिया। जिससे ये लगे कि लड़की की छत से गिर कर मौत हुई है। सोमवार को पुलिस ने यह खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने लड़की के भाई और चाचा को गिरफ्तार किया है। 3 हत्यारे अभी भी फरार है।

PunjabKesari
बता दें कि घटना थाना किशनी इलाके के नगला कले गांव की है। यहां की रहने वाली युवती रूबी सिंह ने जालौन के रहने वाले सुनील गुप्ता से बीती 2 जुलाई को प्रेम विवाह किया था। मैरिज रजिस्टेशन भी करा लिया था। रूबी ठाकुर जाति से थी जबकि सुनील गुप्ता जाति से हैं। अन्तरजातीय प्रेम विवाह से युवती रूबी सिंह के परिवार वाले बेहद खफा थे। रूबी के भाई सौरभ के शादी के रिश्ते में भी दिक्कत आ रही थी। रूबी के प्रेम विवाह के कारण सौरभ की शादी का रिश्ता तय नहीं हो पा रहा था। जिसके कारण रूबी सिंह का भाई सौरभ और परिवार के लोग अपमान महसूस कर रहे थे। इसी के चलते युवती रूबी सिंह के परिवार वालों ने रूबी सिंह को मार डालने की योजना बना डाली।

PunjabKesari
योजना के तहत विश्वास में लेकर युवती रूबी सिंह को उसके पति सुनील गुप्ता के घर से यह कहकर इटावा के रोडवेज बस अड्डा पर बीती 15 अक्टूबर को बुला लिया कि उसके भाई सौरभ की शादी पक्की होनी है। इटावा के रोडवेज बस अड्डा से रूबी सिंह को उसका चाचा रामू सिंह अपने साथ गांव थाना किशनी इलाके के नगला कले ले आया। योजनाबद्ध तरीके से रूबी सिंह के भाई सौरभ सिंह व उसके चाचा रामू सिंह व पिता बैभवसिंह ने परिवार के दो अन्य लोगों के साथ मिलकर बीती 19 अक्टूबर की रात्रि रूबी की गला घोंटकर पहले हत्या कर दी, उसके बाद उसे छत से नीचे फेंक दिया। जिससे ये लगे कि रूबी छत से गिरकर मर गयी है।

PunjabKesari
इतना ही नहीं हत्यारों का नाटक यहीं तक नहीं रूका वह मृतक रूबी को लेकर इलाज के लिए कानपुर के लिए भी भागे। रास्ते में रूबी को मृत दिखाकर हत्यारों ने मृतक रूबी सिंह के पति सुनील गुप्ता को बिना सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। जानकारी होने पर सुनील गुप्ता ने रूबी सिंह के परिवार के 5 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया।

PunjabKesari
घटना की गम्भीरता को देखते हुए मैनपुरी के एसपी अजय कुमार ने खुद जांच की कमान सम्भाली। पुलिस के हाथ हत्यारों तक आखिरकार पहुंच ही गये। मामले में पुलिस ने युवती रूबी सिंह की हत्या करने वाले उसके भाई सौरभ व चाचा रामूसिंह को गिरफ्तार किया है। तीन आरोपी अभी फरार है। जिनकी सरगरमी से पुलिस तलाश कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static