बागपत में भीषण हादसा: बाइक सवार दम्पत्ति व बच्चियों को कैंटर ने कुचला, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत…मची चीख-पुकार

punjabkesari.in Monday, Aug 22, 2022 - 08:26 AM (IST)

बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत में रविवार शाम को एक दर्दनाक हादसे से कोहराम मचा गया। जहां एक तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार दम्पत्ति व 3 बच्चियों को कुचल डाला। घटनास्थल पर ही एक ही परिवार के पांच लोगों ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया।



दरअसल, यह घटना बालैनी थाना क्षेत्र के मवीकला टोल के पास की है। डौला गांव निवासी फतेह पुत्र लियाकत उम्र 35 वर्ष मेरठ से अपने गांव डोला जा रहा था। बाइक पर उसकी पत्नी तब्बसुम उम्र 30 वर्ष, पुत्री इलमा उम्र 8 वर्ष, इकरा उम्र 6 वर्ष, माहिरा उम्र 5 वर्ष भी बैठे हुए थे। पत्नी तब्बसुम गर्भवती थी। जब ये लोग मवीकला टोल के पास पहुँचे तो बाइक में एक तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटनास्थल पर ही दम्पत्ति व तीनों बच्चियों ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद कैंटर चालक वहां से भाग निकला। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।



वहीं पुलिस ने चालक का पीछा करके उसको गिरफ्तार कर लिया। सूचना पर डौला गांव से उनके परिजन व काफी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुँच गए थे। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ था। जो भी मौके पर मौजूद था, उसी की आंखें नम थी। फतेह के घर में अब केवल उसकी सबसे बड़ी बेटी फरहा उम्र 10 वर्ष ही रह गई है।

 

Content Writer

Mamta Yadav