एटा में भीषण सड़क हादसा; कार और ट्रैक्टर में जोरदार भिड़ंत, दशहरा पर गंगा स्नान कर लौट रहे थे 3 श्रद्धालुओं की मौत

punjabkesari.in Sunday, Jun 16, 2024 - 01:37 PM (IST)

Etah Road Accident: उत्तर प्रदेश के एटा में आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां पर एक ट्रैक्टर ट्राली और आल्टो कार की आमने सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में गंगा दशहरा पर कासगंज के सोरों से गंगा स्नान कर लौट रहे कार सवार तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। भिड़ंत इतनी भयानक थी कि गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची।

हादसे में गाड़ियों को परखच्चे उड़ गए
यह हादसा रिजोर थाना क्षेत्र के ईशन नदी पुल के पास हुआ। यहां पर शिकोहाबाद रोड पर आल्टो कार व ट्रैक्टर ट्राली के जोरदार टक्कर हो गई। बताया गया कि यहां कार बस के पीछे चल रही थी। उसने बस को ओवरटेक किया। इसी समय सामने से ट्रैक्टर आ रहा था। कार और ट्रैक्टर में आमने सामने की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि गाड़ियों को परखच्चे उड़ गए। हादसे में सरला देवी, पिंकी और गिरीश की मौत हो गई, जबकि गोविन्द और कुमारी दया गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

यह भी पढ़ेंः गंगा दशहरा पर CM Yogi ने दी शुभकामनाएं, कहा- 'मां गंगा की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि का वास हो'

मेडिकल कॉलेज में चल रहा घायलों का इलाज

जानकारी के मुताबिक, सभी श्रद्धालु फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद से रात 11ः00 बजे दो कारों में सवार होकर कासगंज जनपद की तीर्थ नगरी सोरों में गंगा दशहरा पर गंगा स्नान करने गए थे। गंगा स्नान कर वापस लौटते समय एटा जिले में रिजोर थाना क्षेत्र में शिकोहाबाद रोड पर ये हादसा हुआ। सूचना पर एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर घायलों को मेडिकल कॉलेज में भिजवाया। जहां घायलों का हाल चाल लिया और पुलिस की देखरेख में बेहतर इलाज की व्यवस्था कराई। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static