दिल दहला देने वाली वारदात; दरिंदों ने घर में घुसकर सो रही मां-बेटी पर फेंका तेजाब
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 05:31 PM (IST)
कुशीनगर: उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के मोरवन के टोला इमिलिया में गुरुवार रात एक अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर सो रही मां-बेटी पर तेजाब फेंक दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। पुलिस ने बताया कि गृह स्वामी प्रभुनाथ यादव घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी लीलावती देवी (58) और सबसे छोटी बेटी काजल (23) कमरे में सो रही थीं।
हमला करके फरार हुए दरिंदे
आधी रात के बाद हमलावर छत के रास्ते घर में घुसा और दोनों पर तेजाब डालकर फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर प्रभुनाथ जब तक अंदर पहुंचे, तब तक आरोपी भाग चुका था। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज कुशीनगर ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जल्द होगी आरोपी की गिरफ्तारी
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी एस. चिनप्पा, एसपी केशव कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस के अनुसार पीड़ति प्रभुनाथ यादव हाल ही में पश्चिम बंगाल के आसनसोल से सेवानिवृत्त होकर गांव लौटे थे। उनकी बेटी काजल स्नातक शिक्षित है और पास के कॉलेज में पढ़ाई करती थी। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए टीमों का गठन किया गया है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस हमले के कारणों की भी जांच कर रही है।

