''जरूरतमंद को आवास, बीमार को इलाज सरकार की प्राथमिकता...'' जनता दर्शन में बोले सीएम योगी

punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 01:44 PM (IST)

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 100 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंदों को आवास और गंभीर बीमारियों से पीड़ति लोगों के इलाज के लिए हर संभव आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिलाया।        

सीएम ने सरकारी आवास योजना के तहत घर दिलाने का आश्वासन
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने बैठे लोगों के बीच पहुंचकर एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिपरक तरीके से किया जाए। पुलिस से जुड़े मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए। इस दौरान एक महिला ने आवास की समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने उसे सरकारी आवास योजना के तहत घर दिलाने का आश्वासन दिया। 

''धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा''
वहीं, गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने आए लोगों से उन्होंने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज का इस्टीमेट जल्द तैयार कर उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें शीघ्र मदद मिल सके। 

सीएम योगी ने मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए किया प्रेरित  
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री का मानवीय पक्ष भी देखने को मिला। उन्होंने महिलाओं के साथ आए बच्चों को चॉकलेट देकर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार हर पात्र व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static