गुजरात के 80वें सम्मेलन के लिए हृदय नारायण दीक्षित हुए रवाना, राष्ट्रपति से लेकर PM तक होंगे शामिल

punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2020 - 05:43 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित केवड़िया (गुजरात) में 80वें अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन में भाग लेने के लिए रवाना हो गए।       

आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि भारत के पीठासीन अधिकारियों का 80वां सम्मेलन इस बार गुजरात में सरदार पटेल की प्रतिमा की छाया में 25 से 26 नवम्बर को मनाया जायेगा। इसमें राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री तक शामिल होंगे। ‘‘सशक्त लोकतंत्र के लिए विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका का आदर्श समन्वय'' इस सम्मेलन का मुख्य विषय रखा गया है।       

भारत में विधायी निकायों के पीठासीन अधिकारियों की सबसे बड़ी शीर्ष संस्था का शताब्दी वर्ष भी है। इसके पहले 79वां सम्मेलन उत्तराखण्ड के देहरादून में संपन्न हुआ था। उन्होंने बताया कि 25 नवम्बर को राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द इसका उद्घाटन करेंगे जबकि 26 नवम्बर को संविधान दिवस पर इसका समापन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जायेगा। सम्मेलन में उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू आदि महानुभाव सम्मिलित होंगे। दीक्षित असाधारण परिस्थितियों में ‘‘विधान मण्डलों की संवैधानिक जिम्मेदारी'' नामक विषय पर आयोजित सम्मेलन में अपना भाषण प्रस्तुत करेंगे। 

Umakant yadav