इंसानियत शर्मसारः खाप पंचायत ने दंपति को सुनाया गोमूत्र-गोबर खाने का फरमान

punjabkesari.in Saturday, Feb 08, 2020 - 11:50 AM (IST)

झांसीः उत्तर प्रदेश के झांसी में खाप पंचायत ने एक दंपति को ऐसा तालिबानी फरमान सुनाया, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। आरोप है कि खाप पंचायत ने दंपति को गौमूत्र पीने और गोबर खाने का आदेश दिया है। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। 

जानिए क्या है मामला?
मामला प्रेम नगर थाना क्षेत्र का है। जहां पांच साल पहले प्रेमी युगल ने परिवार की सहमति से सजातीय विवाह किया था। दोनों परिवारों के सदस्य शादी समारोह में शामिल हुए थे। वहीं शादी के पांच साल के बाद गांव में बैठी खाप पंचायत ने प्रेमी युगल को बिरादरी से बाहर कर दिया। 

दंपत्ति को सुनाया ये बेहूदा फरमान 
पीड़ित दंपति ने बताया कि खाप पंचायत ने तुगलकी फरमान सुनाते हुए गौमूत्र पीने और गोबर खाने के बाद बिरादरी में वापस लेने की बात कही है। इतना ही नहीं पंचायत ने 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाने का भी तुगलकी फरमान सुनाया है, जिससे दंपति खासा परेशान हैं। जिसके चलते दंपति ने डीएम और एसएसपी से मदद की गुहार लगाई है। इस मामले की जानकारी मिलते ही डीएम शिव सहाय अवस्थी और एसएसपी डी प्रदीप कुमार ने पीड़ित दंपति के घर पर सीओ और सिटी मजिस्ट्रेट को भेजकर पूरे मामले की जानकारी मांगी।

डीएम के संज्ञान के बाद पंचों के खिलाफ केस दर्ज
इस बारे में डीएम शिव सहाय अवस्थी का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। खाप पंचायत का फरमान सुनाने वाले पंचों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। डीएम के मुताबिक दंपत्ति को सुरक्षा प्रदान की गई है। 


 

Tamanna Bhardwaj