उमस भरी गर्मी ने किया बेहाल, लोगों को पानी भरे बदरा का है इंतजार

punjabkesari.in Sunday, Jun 24, 2018 - 01:24 PM (IST)

लखनऊः उमस और तपती धूप के बीच पल पल कटती बिजली ने उत्तर प्रदेश के बाशिंदो का दिन का चैन और रात की नींद हराम कर दी है। राज्य के अधिसंख्य इलाकों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के इर्दगिर्द बना हुआ है। वहीं हवा में नमी की मात्रा बढ़ने से लोगबाग रातदिन पसीने में तरबतर हैं। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की रफ्तार में कुछ तेजी आई है। जिससे अगले सप्ताह के मध्य तक प्री मानसून बारिश के आसार बनने लगे है। 

उमस भरी गर्मी के चलते राजधानी लखनऊ समेत लगभग समूचे राज्य में साप्ताहिक अवकाश के दिन सड़़कों पर कफ्र्यू जैसा सन्नाटा पसरा रहा। सुबह पार्को् में भीड़भाड़ आम दिनो की अपेक्षा कुछ ज्यादा देखी गई। हालांकि दिन चढ़ने के साथ सड़के और बाजार वीरान हो गए। लोगबाग जरूरी काम से ही घर से बाहर निकले। ईद के मौके पर पिछले हफ्ते गुलजार रहने वाला लखनऊ स्थित वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान की टिकट खिड़की रविवार को दर्शकों की बाट जोहती नजर आई।   

मौसम के तल्ख मिजाज के बीच बिजली की लुकाछिपी भी चरम पर है। एसी और कूलर चलने से विद्युत मांग में हुई बेतहाशा बढोत्तरी ने स्थानीय गडबड़ियों की आवृत्ति में खासा इजाफा किया है। महानगरो में 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति के सरकारी दावे को धता बताते हुये राज्य के अधिसंख्य शहरों में कई इलाके बिजली कटौती से बेहाल रहे वहीं लो वोल्टेज की समस्या ने विद्युत उपकरणों के फुकने का खतरा बढ़ा दिया है।  

ग्रामीण इलाकों में हालात और भी विकट है। भूजल स्तर के लगातार खिसकने से हजारों हैंडपंप बेकार हो गये है। वहीं तालाब,पोखर और कुओं के सूखने से पीने के पानी की अभूतपूर्व समस्या है। खेतों की प्यास बुझाने के लिये किसान इंद्रदेवता को खुश करने के लिये टोटकों का सहारा ले रहे है। जून का महीना खत्म होने की कगार पर है जिससे किसानो को बारिश न होने से बुवाअी का समय बढ़ने की चिंता सताने लगी है। 

मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी और गरज चमक के साथ बूंदाबांदी का अनुमान है। हालांकि पश्चिम और मध्य उत्तर प्रदेश के इक्का दुक्का स्थानों पर मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को राहत मिलने के आसार है। पिछले 24 घंटे में लखनऊ में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। यहां न्यूनतम तापमान 29. 8 डिग्री सेल्सियस रहा।  बांदा में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री, झांसी में 44.2 डिग्री और अलीगढ में 43. 6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। ताज नगरी आगरा 45. 1 डिग्री तापमान के साथ खूब तपी। इसके अलावा हमीरपुर में 44. 2 डिग्री, उरई 42 डिग्री, हरदोई 42.5 डिग्री, फतेहगढ 43.7 डिग्री,कानपुर के चकेरी में 42 डिग्री, इलाहाबाद 42.2 डिग्री और वाराणसी में 42.6 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।  

Ruby