UP के कई जिलों से चिल्ला बॉर्डर पहुंचे सैकड़ों किसान, कहा- हमें जानें दें जंतर-मंतर

punjabkesari.in Wednesday, Dec 02, 2020 - 08:36 AM (IST)

नोएडा:  कृषि कानून के विरोध में जारी आंदोलन में भाग लेने के लिए भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में मंगलवार शाम को सैकड़ों की संख्या में किसान चिल्ला बॉर्डर पर पहुंचे जहां दिल्ली पुलिस ने अवरोधक लगाकर उन्हें रोक दिया। किसान मुख्य मार्ग पर ही धरने पर बैठ गए हैं। किसानों ने संसद व जंतर मंतर जाने की मांग की। उन्होंने पहले दिल्ली-नोएडा मार्ग को बाधित किया। इसके बाद नोएडा से दिल्ली जाने वाले मार्ग को बाधित किया।

बता दें कि नोएडा व दिल्ली शहर जाम से परेशान दिखे। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को सिंह के नेतृत्व में अलीगढ़, हाथरस, आगरा और गौतमबुद्ध नगर जिले के सैकड़ों किसान नोएडा में चिल्ला बॉर्डर पहुंच गए। शाम करीब साढ़े चार बजे किसानों ने चिल्ला बॉर्डर पर धरना देना शुरू किया और यातायात जाम कर दिया। वे मुख्य मार्ग पर अपने ट्रैक्टर ट्रॉली खड़े कर धरना दे रहे हैं। किसानों का कहना है कि वे दिल्ली में जंतर मंतर पर जाकर धरना देना चाहते हैं। अगर पुलिस उन्हें नहीं जाने देगी तो वे यहीं सड़क पर धरना देंगे। जब तक जंतर मंतर पर जाने की इजाजत नहीं मिलेगी, वे रास्ता नहीं छोड़ेंगे।

वहीं दिल्ली पुलिस ने उन्हें राजधानी में घुसने से रोकने के लिए अवरोधक लगा रखे हैं। पुलिस का कहना है कि अगर किसान बुराड़ी में संत निरंकारी मैदान जाना चाहते हैं तो कोई नहीं रोकेगा, लेकिन जंतर मंतर नहीं जाने दिया जाएगा। पुलिस उपायुक्त जोन प्रथम राजेश एस ने बताया कि मंगलवार की सुबह गौतमबुद्ध नगर पुलिस को सैकड़ों की संख्या में किसानों के दिल्ली बॉर्डर पर पहुंचने की सूचना मिली थी जिसके बाद नोएडा से दिल्ली जाने वाले बॉर्डर पर चौकसी बढ़ाते हुए उन्हें सील कर दिया गया था। यह बॉर्डर वाया गोलचक्कर डीएससी रोड को जोड़ता है। शाम तक दिल्ली व नोएडा में करीब पांच किलोमीटर का लंबा जाम लग गया। मार्ग परिवर्तन के बाद भी स्थिति खराब है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Moulshree Tripathi

Recommended News

Related News

static