कर्नाटक प्रकरण को लेकर सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ राजबब्बर ने दिया धरना

punjabkesari.in Friday, May 18, 2018 - 06:20 PM (IST)

लखनऊ: कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने से नाराज उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने आज राज्यव्यापी धरना देकर अपने विरोध का इजहार किया और दक्षिण भारतीय राज्य के राज्यपाल पर संविधान का मखौल बनाने का आरोप लगाया।

कांग्रेसियों का आरोप था कि कर्नाटक के राज्यपाल वैझूभाई वाला ने संवैधानिक मर्यादाओं को तार तार करते हुये बी एस येदुरप्पा को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलायी। उन्होंने कर्नाटक में भाजपा सरकार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने की मांग की। राजधानी लखनऊ, कानपुर, इलाहाबाद, वाराणसी और झांसी समेत राज्य के अधिसंख्य जिलों में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक प्रकरण को लेकर आक्रोश व्यक्त करने के इरादे से धरना प्रदर्शन किया, पुतला दहन किया और मानव श्रखंलाएं बनायी।

लखनऊ के जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ धरना दिया। इस मौके पर वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी और संजय सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि असंवैधानिक तरीके से कर्नाटक की सत्ता पर काबिज हुयी भाजपा सरकार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाना चाहिये।

बब्बर ने उच्चतम न्यायालय के निर्णय का स्वागत करते हुये कहा कि विधानसभा में एक दिन के भीतर मुख्यमंत्री येदियुरप्पा को विश्वास मत हासिल करना होगा। अच्छा होता कि एक दिन का भी समय देने के बजाय उच्चतम न्यायालय भाजपा सरकार को बर्खास्त कर देती जो लोकतंत्र के मूल्यों और मानकों को दरकिनार कर सत्ताशीन हुयी है। बाद में कांग्रेसी नेताओं ने इस संबंध में यहां राज्यपाल रामनाईक को एक ज्ञापन सौंपा। कानपुर में जिलाध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर कर्नाटक की सरकार के गठन का विरोध जताया। इससे पहले कल कांग्रेसी नेताओं ने तिलक हाल के निकट कर्नाटक की भाजपा सरकार का पुतला दहन किया था।  
 

Tamanna Bhardwaj