5वीं शादी के लिए पिता से पैसे न मिलने पर शराबी बेटा बना हैवान

punjabkesari.in Wednesday, Jul 05, 2017 - 05:11 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के संदना जिले में एक ऐसा मामला देखने को मिला है, जिसमें एक बेटे ने अपने ही पिता का कत्ल सिर्फ इसलिए किया क्योंकि उन्होंने उसे 5वीं शादी करने के लिए पैसे नहीं दिए थे। हत्या करने के बाद बेटा घटनास्थल से फरार हो गया है। पुलिस ने इस मामले में फिलहाल जांच करना शुरु कर दी है।

पुलिस के मुताबिक संदना के देवरी खुर्द गांव का रहने वाला इंदल का सोमवार शाम को अपने छोटे बेटे अशोक के साथ वाद-विवाद हो गया था। अशोक इसके पहले भी 4 शादियां कर चुका है, लेकिन शराब की बुरी लत की वजह से उसकी शादियां नहीं चल सकी। जिसके बाद अशोक ने पांचवी शादी करने के लिए अपने पिता से पैसे मांगे थे। पिता ने उसे पैसे देने से मना कर दिया। बस इतनी सी बात को लेकर दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ।

इस बात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई लेकिन तब तक अशोक घर से भाग चुका था। पुलिस की दखल से मामला शांत हो गया। लेकिन इसके बावजूद भी 3 जुलाई को देर रात फिर से अशोक ने शराब के नशे में अपने पिता से झगड़ा किया। विरोध करने पर उसने पहले तो अपने भाई और भाभी को पीटा फिर उसके बाद घर में रखी लोहे की रॉड से अपने पिता के सीने और सिर पर जोरदार वार कर दिया। इससे पिता इंदल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में अपनी जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी अशोक गिरफ्त से बाहर है।