घरेलू विवाद के चलते पति ने खोया आपा, भरी कचहरी में पत्नी पर चाकू से किया जानलेवा हमला

punjabkesari.in Tuesday, May 09, 2023 - 03:25 PM (IST)

रायबरेली: उत्तर प्रदेश में रायबरेली (RaeBareli) जिले की दीवानी न्यायालय परिसर में मंगलवार को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर घायल किया। आनन-फानन में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानें क्या है पूरा मामला?
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह करीब 9 बजे कचहरी परिसर में स्थित लॉक अप के सामने दुखहरन (40) ने पत्नी उमा देवी (38) के पेट में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस का कहना है कि पति पत्नी में घरेलू विवाद का मुकदमा चल रहा है जिसमें आज न्यायालय में पेशी थी। तभी किसी पुरानी बात को लेकर आपस में तनातनी हो गई, जिससे उत्तेजित हो कर पति ने पत्नी पर चाकू का प्रहार कर दिया जिससे महिला के पेट में गंभीर घाव हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर ने सुनियोजित साजिश के तहत पत्नी पर हमला किया है क्योंकि न्यायालय परिसर में खतरनाक हथियार लेकर आने की क्या आवश्यकता है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मुकदमा दर्ज किया गया है।

पति की पिटाई से परेशान होकर उमा ने कोर्ट में लगाई थी न्याय की गुहार
वहीं, पीड़िता के वकील सनोज यादव ने बताया कि 22 साल पहले उमा देवी की शादी नसीराबाद थाना क्षेत्र तिवारी पुर के रहने वाले दुखहरन सिंह से हुई थी। दोनों के 3 बच्चे हैं। दुखहरन सिंह कमाई के लिए विदेश गया और जब वापस लौटा तो उसका व्यवहार बदल गया, वो आए दिन अपनी पत्नी को पीटने लगा। पति की पिटाई से परेशान पत्नी उमा ने कोर्ट में न्याय की गुहार लगाई, जिसका मुकदमा लंबित है। मंगलवार को पेशी के दौरान उमा के पति ने उस पर हमला बोल दिया। 

Content Editor

Harman Kaur