अवैध संबंधों के शक में पति ने ने उठाया खौफनाक कदम, पत्नी को काटकर उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Tuesday, Jun 08, 2021 - 04:58 PM (IST)

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में अवैध संबंधों के शक में सनकी पति ने कमरे के भीतर धारदार हथियार से पत्नी काट कर मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति बेड पर ही मृत पत्नी के साथ लेट गया। ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को हत्या की खबर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खिड़की तोड़वाया। आरोपी पति को आला कत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही थोड़ी देर बाद अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर एवं सिराथू सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण भी मौके पर पहुंच गए। अफसरों ने आरोपी पति एवं परिजनों से पूछताछ की। इसके  बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक मामला कोखराज थाना इलाके के जलालपुर निवासी राकेश चौहान की शादी तकरीबन 8 वर्ष पहले सोनभद्र जनपद में लक्ष्मी देवी के साथ हुई थी। उनके एक बेटी एवं बेटा भी है।  लगभग दो महीने से पति-पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। पति को शक था कि उसकी पत्नी का किसी से अवैध संबंध था। पति काफी नाराज रहता था। बीती रात को खाना खाने के बाद राकेश पत्नी और बच्चे के साथ बरामदे में सो गया। सुबह तकरीबन 5 बजे राकेश की नींद खुली। वह शौच करने के बाद  जानवरों को चारा देने के लिए गया। इसके बाद वह वापस घर आया। राकेश की माने तो पत्नी को कमरे के भीतर ले गया। फिर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। सनकी पति ने कमरे में उसकी हत्या कर दी। सनकी पति हत्या करने के बाद पत्नी के साथ बेड पर ही लेट गया।

ग्रामीणों ने किसी तरीके से खिड़की से झांक कर सिर से बहते खून को देखकर अंदाजा लगा लिया कि राकेश ने उसकी हत्या कर दी। हत्या की खबर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खिड़की को तोड़ कर शव को बाहर निकाला। अंदर का नजारा रूह कंपा देने वाला था।  पुलिस ने राकेश को गिरफ्तार कर लिया। थोड़ी ही देर बाद घटनास्थल पर अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर एवं सिराथू सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी पति से घटना के बारे में पूछताछ की। उसने बताया कि पत्नी से काफी विवाद होता रहता था। क्योंकि उसकी पत्नी का किसी व्यक्ति से नाजायज संबंध था। पुलिस ने आला कत्ल के साथ आरोपी पति को गिरफ्तार करने के बाद थाना लेकर चली आई। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। 

Content Writer

Ramkesh