पति बन रहा था अवैध संबंधों में रोड़ा, तो पत्नी ने लिख डाली उसकी मौत की पूरी स्क्रिप्ट

punjabkesari.in Monday, Jul 23, 2018 - 01:25 PM (IST)

बुलंदशहरः इश्क वो आग है गालिब- जो लगाए न लगे और बुझाए न बुझे। जी हां, बात जब प्यार की हो तो प्रेमी-प्रेमिका कुछ भी करने से नहीं डरते फिर वह चाहे किसी की हत्या की ही क्याें न हाे। एेसा ही कुछ हुआ यूपी के बुलंदशहर में। यहां अवैध संबंधो में रोड़ा बन रहे अपने पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने प्रेमी व उसके दोस्त के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। 

जानकारी के मुताबिक मामला जहांगीराबाद का है। यहां पुलिस ने बीती 18 तारीख को एक अज्ञात युवक का गोली लगा शव बरामद किया था। मृतक की जेब से मिले पहचान पत्र से उसकी पहचान ग्रेटर नोएडा के बिसरख निवासी योगेश कुमार के रूप में हुई थी। जिसके बाद मृतक की पत्नी तबस्सुम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया था।

जांच के बाद पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी तबस्सुम और उसके प्रेमी संजीव फौजी को उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की मानें तो अपने पति योगेश की हत्या कराने के लिए उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी संजीव फौजी के साथ मिलकर किसी को 3 लाख में सुपारी दी थी। जिसमें दो लाख एडवांस दिया गया था और काम हो जाने के बाद एक लाख रुपया देना तय हुआ था।

पुलिस ने बताया कि मृतक योगेश प्रॉपर्टी डीलर था और संजीव फौजी से उसकी अच्छी दोस्ती थी। इसी बीच मृतक की पत्नी तबस्सुम और संजीव फौजी के बीच अवैध संबन्ध बन गए। दोनों के प्यार में योगेश रोड़ा बन रहा था, जिसके लिए तबस्सुम और उसके प्रेमी संजीव फौजी ने उसे रास्ते से हटाने का फैसला लिया। आरोपी महिला तबस्सुम का कहना है कि उसका पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था और ज्यादातर घर में ही रहता था। जिसके चलते वह अपने प्रेमी संजीव फौजी के साथ मिल नहीं पाती थी। इस कारण दोनों ने मिलकर योगेश को बहाने से सस्ती जमीन दिखाने के लिए बाहर बुलाया और वहां उसकी हत्या करवा दी। आरोपी पत्नी ने बताया कि उसे अपने पति की हत्या करने पर कोई पछतावा नहीं है। 

हालांकि बुलंदशहर पुलिस ने आरोपी पत्नी तबस्सुम और उसके प्रेमी संजीव फौजी को उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है, लेकिन अभी भी एक आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

Ruby