‘‘प्यारे पति देव मैं जा रही हूं, आप का घर छोड़ कर खुश रहना’’

punjabkesari.in Tuesday, May 15, 2018 - 07:00 PM (IST)

फ़र्रुखाबादः जब किसी सामाजिक प्रथा का प्रचलन शुरू होता है तब समाज उसकी अच्छाई-बुराई को सोचे बिना ही उसे स्वीकार कर लेता है। भारतीय समाज में दहेज भी एक ऐसी ही प्रथा बन गई है, जिसकी अच्छाइयां तो नष्ट हो गई हैं, पर बुराइयां आज भी अपना तांडव कर रही हैं। जिसके चलते कई बार महिलाओं को अपनी जान तक गंवानी पड़ जाती है। एेसा ही एक मामला फ़र्रुखाबाद से सामने आया है। 
जानकारी के अनुसार मामला थाना क्षेत्र के ग्राम मेदपुर का है। यहां के निवासी की 26 वर्षीय बेटी लक्ष्मी देवी गंगवार का विवाह वर्ष 2014 में रमेश के साथ हुआ था। दहेज में 10 लाख नकद व अन्य सामान देकर विवाह किया गया था। आज परिजनों को सूचना मिली कि उनके बेटी ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलने पर मृतका के पिता मौके पर आ पहुंचे। यहां उन्होंने देखा कि लक्ष्मी व उसके बेटे का शव कमरे में पंखे से एक ही फंदे पर लटक रहे हैं। दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद सीओ कायमगंज नरेश कुमार व थानाध्यक्ष महेन्द्र त्रिपाठी मौके पर पंहुचे। उन्होंने शवों को नीचे उतरवाया।

जांच के दौरान पुलिस को कमरे में ही एक सोसाइड नोट भी मिला। जिस पर लिखा है कि प्यारे पति देव मै जा रही हूं, आप का घर छोड़ कर खुश रहना, सब लोग सुकून से रहना, मै किसी को सुकून से रहने नहीं देती थी, मुझे माफ़ करना पति देव। मृतका के पिता ने पुलिस को ससुर सुभाष चन्द्र, सास रुकमा देवी, ननद शोभा के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी। मृतका के पिता ने बताया कि ससुराल वाले उनकी बेटी को कार की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। जिसके चलते उन्होंने हत्या कर शव फांसी पर लटका दिया है। सीओ राम लखन सरोज ने बताया की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

Ruby