मैं विकास दुबे से भी  खूंखार हूं...भाग जाओ, गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच कानपुर के सनकी ने पुलिस को धमकाया

punjabkesari.in Monday, Jun 20, 2022 - 12:52 PM (IST)

कानपुर: यूपी के कानपुर में फिर से बिकरु कांड जैसी घटना होते- होते बच गया। दरअसल, यहा आरके दूबे नाम का एक शक्स खुद को  विकास दुबे से तुलना करते हुए पुलिसवालों को ललकार रहा था। आरके दुबे जिस तरह से फायरिंग कर रहा था, उससे वह शातिर अपराधी लग रहा था। डीसीपी ने बताया कि आरके बोला कि मैं विकास दुबे से भी खूंखार हूं। कुछ भी कर सकता हूं। सब मारे जाओगे। वो भी दुबे था मैं भी दुबे हूं।

बता दें कि जिले के श्याम नगर में घरेलू विवाद को लेकर शेयर कारोबारी ने जमकर बवाल काटा। पूरे परिवार की पिटाई कर कमरे में बंधक बना लिया। दहशत फैलाने के लिए सरेआम मोहल्ले में ताबड़तोड़ फायरिंग की। आसपास के लोग डर के मारे घरों में कैद हो गए। सूचना पर फोर्स के साथ पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और कारोबारी का घर चौतरफा घेरकर मोर्चा लिया। यह देखकर वह और सनक गया और पुलिसवालों पर ही ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा।  श्‍याम नगर में तीन घंटे तक ताबड़तोड़ फायरिंग के बीच दहशत का आलम था। 40 राउंड तक इस कदर गोलियां चलती रहीं मानो कोई गैंगवार छिड़ा हो। इस बीच शेयर कारोबारी राजकुमार ने अफसरों को हवा में फायरिंग कर धमकी दी-मैं विकास दुबे से भी बड़ा वाला हूं, भाग जाओ।

बेटे-बहू पर डाल दिया था पेट्रोल
कारोबारी ने पूछताछ में बताया कि बेटा-बहू परेशान करते हैं। पुलिस कर्मचारियों का निलंबन का झूठा आदेश दिखाकर उसे समझाया। डीसीपी पूर्वी का कहना है कि 40 गोलियां चली हैं। घर में एक लाइसेंसी रिवाल्वर भी है। रिवाल्वर नहीं मिला है। दरोगा के हाथ, सिपाही के उंगली और होमगार्ड के पैर में लगे छर्रे लगे हैं। वहीं, बहू जॉयश्री ने बताया कि आरके दुबे बड़े बेटे और बहू से घर छोड़ने की बात करते हैं। रविवार को इसी को लेकर विवाद हुआ। उन्होंने न सिर्फ पीटकर बंधक बनाया, बल्कि दोनों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की धमकी भी दी। बहू ने पुलिस को फोन कर शिकायत की। पुलिस पूछताछ करने आई थी।

पत्नी छत पर दे रही थी कारतूस
पड़ोसी व पुलिस हैरानी जताते रहे कि आरके दुबे की पत्नी उन्हें कारतूस दे रही थी। लोगों का आरोप है कि वह किसी से ठीक से बात नहीं करता है। इससे पहले भी आरोपित इलाके में गोलियां चला चुका है। एक पड़ोसी ने बताया कि लगभग पांच साल पहले भी घर के सामने रहने वाले पड़ोसी से नाली के विवाद में भी उसने फायर किए थे। पुलिस ने उसे पकड़ा था।


 

Content Writer

Imran