अयोध्या दर्शन से अभिभूत हूं: विनीता भटनागर

punjabkesari.in Sunday, Oct 27, 2019 - 09:29 AM (IST)

अयोध्या/लखनऊ : फिजी गणराज्य की संसद की उपसभापति विनीता भटनागर ने शनिवार को कहा कि भगवान राम की नगरी अयोध्या आकर वह खुद को बेहद गौरान्वित महसूस कर रही है। अयोध्या में दीपोत्सव के मौके पर भव्य शोभा यात्रा निकाली गयी जिसे फिजी की संसद की उप सभापति वीना भटनागर ने झण्डी दिखाकर रवाना किया। साकेत महाविद्यालय से निकाली गयी यह शोभा यात्रा अयोध्या के मुख्य मार्गों से होते हुए रामकथा पार्क पर सम्पन्न हुई।

भटनागर ने कहा कि वे स्वयं को बहुत ही गौरवान्वित एवं खुशकिस्मत महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि फिजी गणराज्य के भारत से सदियों पुराने सम्बन्ध हैं। उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से मिले प्यार, सम्मान एवं आदर से बहुत खुश हूँ। उन्होंने फिजी गणराज्य की तरफ से अयोध्यावासियों के प्रति अपना प्यार एवं सम्मान व्यक्त किया।  सूबे के पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा प्रोटोकाल राज्यमंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी ने कहा कि दीपोत्सव कार्यक्रम से दोनों देशों के सम्बन्धों में और भी मजबूती आयेगी। 

शोभा यात्रा में 11 रथों पर 11 प्रसंगों पर आधारित रामलीला के कलाकारों द्वारा प्रदर्शन किया गया। देश-विदेश से आए कलाकारों में से कई कलाकारों ने मुखौटे लगाकर प्रदर्शन किया। इन झांकियों में रावण अत्याचार/पुत्रेष्ठि यज्ञ, राम जन्म के बधावा गीत व बाल लीला, केवट प्रसंग, पंचवटी, अहिल्या उद्धार, सीता-हरण, ताड़का वध, रामेश्वरम सेतु निर्माण, राम वनवास, राम-रावण युद्ध तथा राम दरबार के प्रसंगों का चित्रण किया गया। शोभा यात्रा का भारी संख्या में श्रद्धालुओं, भक्तगणों और नागरिकों ने करतल ध्वनि और हर्षोल्लास से स्वागत करते हुए आनन्द उठाया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Related News

static