'पैसे दोगे तो ही काम करूंगा...', DPRO ने मांगी 50 हजार की रिश्वत, विजिलेंस ने रंगेहाथ दबोचा

punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 03:38 PM (IST)

बिजनौर: उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत विजिलेंस टीम ने बिजनौर के विकास भवन में तैनात जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) रिजवान अहमद को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक पंचायत सचिव की शिकायत पर की गई। जानकारी के अनुसार, रिजवान अहमद ने एक लंबित काम निपटाने के बदले पंचायत सचिव से 50 हजार रुपये की मांग की थी।

प्लान बनाकर आरोपी को पकड़ा 
इस मामले की शिकायत सचिव ने विजिलेंस टीम से की। शिकायत में उन्होंने पूरे मामले की जानकारी दी। जिसके बाद विजिलेंस टीम ने जांच की और योजना बनाकर जाल बिछाया। योजना के अनुसार, जैसे ही रिजवान अहमद ने पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये लिए, टीम ने मौके पर ही उन्हें पकड़ लिया। रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।

आरोपी को किया गिरफ्तार 
इस गिरफ्तारी के बाद प्रशासनिक विभाग में हड़कंप मच गया है। यह मामला विकास भवन में फैले भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है, जहां अधिकारी काम के बदले पैसे मांगते हैं। फिलहाल आरोपी अधिकारी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में आगे और भी खुलासे हो सकते हैं। यह कार्रवाई सरकारी दफ्तरों में पारदर्शिता और ईमानदारी की जरूरत को फिर से सामने लाती है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static