UP Election 2022: प्रियंका का वादा- यूपी की राजनीति में बदलाव तक लोगों के हक की लड़ाई जारी रखूंगी

punjabkesari.in Saturday, Mar 05, 2022 - 07:34 PM (IST)

गाजीपुर/जौनपुर: कांग्रेस महासचिव और उत्‍तर प्रदेश मामलों की प्रभारी प्रियंका गांधी ने शनिवार को अपने प्रतिद्वंद्वियों पर जनता से जुड़े मुद्दे नहीं उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “ये लोग विकास की बात नहीं करते, जनता से जुड़े मुद्दे नहीं उठाते। यूपी की राजनीति में जब तक सकारात्मक बदलाव नहीं आता, तब तक मैं प्रदेश के लोगों के हक की लड़ाई जारी रखूंगी।”

गाजीपुर में कांग्रेस की चुनावी सभा में प्रियंका ने कहा कि तीन साल पहले जब मैं प्रभारी बनकर उत्तर प्रदेश आई थी, तब पार्टी के कुछ बड़े नेता जो आज कांग्रेस छोड़ चुके हैं, मेरे पास आए और कहा कि अरे यहां से निकल जाइए, उत्तर प्रदेश में कुछ नहीं मिलने वाला है, यहां तो संघर्ष ही संघर्ष है। प्रियंका ने कहा, “मैंने अपने भाई तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से बात की तो उन्होंने कहा कि प्रियंका उत्तर प्रदेश जाओ और संघर्ष करो, याद रखो जहां लोग दुख में हैं, उन पर अत्याचार हो रहा है, वहां जाकर उनसे जुड़े मुद्दों को उठाना जरूरी है।” सोनभद्र, हाथरस, उन्नाव समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में घटी आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि मैंने देखा कि सोनभद्र में नरसंहार के बाद पुलिस-प्रशासन ने भू-माफिया की मदद की, लेकिन आदिवासियों को बचाने कोई नहीं आया।

उन्होंने कहा कि इसी तरह उन्नाव, हाथरस, लखीमपुर हर जगह पीड़ितों ने यही शिकायत की कि पुलिस तो हम पर दबाव डाल रही है, हमारी लड़ाई कौन लड़ेगा? उन्‍होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में जहां भी अन्याय हुआ है, कांग्रेस ने न्याय की लड़ाई लड़ी है और मैं समझ चुकी हूं कि यहां की राजनीति कहीं भटक गई है। कांग्रेस महासचिव ने सवाल किया कि यह कैसा राष्ट्रवाद है, जिसमें किसान का बेटा सीमा पर तैनात है और आप उसके साथ विश्वासघात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह खोखला राष्ट्रवाद है, यह राजनीतिक मंचों का राष्ट्रवाद है। प्रियंका ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने रोजगार देने वाले जितने संस्थान बनाए थे, भाजपा सरकार ने सब अपने मित्रों को बेच डाले। उन्होंने कहा कि जो सरकार देश के नौजवानों को रोजगार नहीं दे सकती, वह अपने को राष्ट्रवादी नहीं कह सकती।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि मेरे पिता प्रधानमंत्री थे, लोग उनसे सवाल करते थे, अपनी समस्याओं के समाधान के बारे में उनसे बात करते थे, लेकिन भाजपा ने लोकतंत्र को पलट दिया है। प्रियंका ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री सिर्फ चुनावी मंचों पर जनता को दिखते हैं और कहते हैं कि आप पर उन्होंने बहुत बड़ा एहसान किया है, आप को एक बोरा राशन पकड़ा दिया है, एक गैस सिलिंडर दे दिया है। कांग्रेस महासचिव ने दोहराया कि उनकी पार्टी के सत्ता में आने के बाद रिक्त सरकारी पदों को भरा जाएगा। गाजीपुर की जनसभा के बाद प्रियंका ने जौनपुर में कांग्रेस उम्मीदवार नदीम जावेद के समर्थन में आयोजित रोड शो में हिस्सा लिया और लोगों से कांग्रेस को वोट देने की अपील की।

Content Writer

Mamta Yadav